संवाद न्यूज एजेंसी।
रुद्रपुर। लखनऊ के एक पैरामेडिकल कॉलेज में डी-फाॅर्मा में प्रवेश कराने और कुछ छात्रों का तीन जिले में डी-फॉर्मा कराने के बाद प्रमाणपत्र, ग्रीन काॅर्ड नहीं देने में ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है। ठग के खिलाफ पीड़ित ने मंगलवार को कोतवाली में तहरीर दी है। आरोप है कि ठग ने पूर्वांचल के कई जिलों से युवाओं को पैरा मेडिकल कॉलेज में प्रवेश कराने के नाम पर ठगी की है।
जानकारी के अनुसार, नगर के दुग्धेश्वरनाथ वार्ड निवासी अश्विनी द्विवेदी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि तीन साल पहले उनके संपर्क के चार युवकों ने लखनऊ के एक युवक को डी-फाॅर्मा कोर्स के लिए रुपये दिए थे। वह खुद को अटल पैरामेडिकल कॉलेज का प्रोपराइटर बताता था और बकायदा लखनऊ के हजरतगंज में दफ्तर खाेल रखा था।
प्रवेश के रुपये देने के बाद जब युवक सहारनपुर, मथुरा और गाजीपुर में परीक्षा देने पहुंचे तो उनकी पूरी फीस जमा नहीं थी। छात्रों ने दोबारा फीस जमा कर किसी तरह परीक्षा दी। उसके पते पर जाने पर पता चला कि वह ऑफिस बंद कर चुका है। खोजने के बाद फर्जी चेक देकर भाग गया। आरोपी ने पूर्वांचल के गोरखपुर, मऊ, गाजीपुर और आजमगढ़ में भी युवाओं से धोखाधड़ी की है। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने कहा कि प्रकरण संज्ञान में आया है। मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।