रुद्रपुर। सूर्य षष्ठी के महापर्व पर बरुथनी नदी के तट पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य की उपासना की। बरुथनी नदी रीवर फ्रंट जगमग रोशनी से नहा उठा। इस विहंगम दृश्य को देखने के लिए सेमरौना घाट पर लोगों की भीड़ लगी। सूर्य उपासना के पर्व पर शाम तीन बजे से ही व्रती महिलाओं का हुजूम उमड़ने लगा। नगर के गोला वार्ड स्थित पक्का घाट, दुग्धेश्वरनाथ मंदिर के पोखरे और शीतला देवी मंदिर के पोखरे पर व्रती महिलाओं ने पूजन किया। बरुथनी नदी के रीवर फ्रंट छठ की निराली छटा देखने लायक थी। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था में एसडीएम दिनेश मिश्र, सीओ मिथिलेश तिवारी, कोतवाल अश्विनी राय और वीरेंद्र शर्मा के साथ पूरा प्रशासन मुस्तैद दिखा। छठ घाट पर रुद्रपुर नगर पंचायत की चेयरमैन लालमती देवी डाल लेकर पहुंची। पहली बार रुद्रपुर नगर पंचायत में महिला चेयरमैन बनी लालमती और वीरेंद्र शर्मा पूरे परिवार के साथ सेमरौना स्थित बरुथनी रीवर फ्रंट पर पहुंच कर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया।
सलेमपुर/भाटपाररानी। पुत्र प्राप्ति व परिवार की मंगल कामना के लिए छठ पूजा करने वाली महिलाओं ने मंगलवार को डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। नगर के नदावरघाट, सोहनाग, बंजरिया, लार, भागलपुर, भटनी, पड़री बाजार समेत ग्रामीण इलाकों में महिलाएं छठ पूजा की। इस मौके पर नदावर घाट व रास्ते में प्रकाश की व्यवस्था की गई थी। भीड़ को देखते हुए वाहनों का प्रवेश रोक दिया गया था। पुलिस सुरक्षा व्यवस्था में लगी रही। वहीं भागलपुर के सरयू नदी के काली चरन घाट पर छठ व्रती महिलाओं की भीड़ शाम चार बजे से जुटने लगी। डूबते सूर्य को अर्घ दिया। लार, भटनी व पड़री बाजार, बरठाबाबू, चकरा गोसाईं, बरठी, कोड़रा ठाकुर, कोहरा, बंजरिया, बभनौली, सोहनाग, लार रोड, मईल आदि जगहों पर छठ घाट पर महिलाएं पूजा कर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। उधर, भाटपाररानी के रानी पोखरा, सोहन पार पोखरा, थाने के पास स्थित पोखरा, ब्लॉक के पीछे स्थित पोखरा आदि दर्जनों स्थानों पर महिलाओं ने छठ पूजा की। क्षेत्र के पकड़ी बाबू, खामपार, भिंगारी बाजार, शरया चकिया कोठी, भवानी छापर, रतसिया कोठी, प्रतापपुर, रामपुर बुजुर्ग, सोहनपुर, अकटही, बड़का गांव, मालीबारी सहित गांवों में पोखरा-तालाबों के किनारे छठ पूजा हुई।