देवरिया। सब जूनियर स्टेट बालक-बालिका कुश्ती प्रतियोगिता के पहले दिन सहारनपुर मंडल और फैजाबाद हॉस्टल के खिलाड़ियों ने बाजी अपने नाम की। चित और पट के खेल में वे भारी पड़े। बालक वर्ग में 51 किलो फ्री स्टाइल में मानसिंह इलाहाबाद, धर्मेंद्र चौहान वाराणसी, राहुल यादव आजमगढ़, मो. चांद आगरा ने अपने मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। लड़कियों में 40 किलो भार वर्ग में मानसी सहारनपुर और अमिता फैजाबाद और 49 किलो वर्ग में शिल्पा राय आजमगढ़ और मीनाक्षी सहारनपुर ने फाइनल में प्रवेश किया।
खेल निदेशालय एवं उप्र कुश्ती संघ के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम के बैडमिंटन हॉल में रविवार से स्टेट कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। एडीएम वित्त सीताराम गुप्ता व विशिष्ट अतिथि बीएसए उपेंद्र कुमार ने पहलवानों से हाथ मिलवाकर उद्घाटन किया। उद्घाटन मुकाबला बालिकाओं के 61 किलो भार वर्ग में हर्षिता इलाहाबाद और सोनी शर्मा फैजाबाद मंडल के बीच हुआ। इसमें हर्षिता ने अगले दौर में प्रवेश किया। बालक वर्ग में पहला मुकाबला 65 किलो में सचिन इलाहाबाद और आकाश सहारनपुर के बीच हुआ। दो मिनट मेें ही एकहरी दांव लगाकर आकाश ने बाजी अपने नाम की।
बालक वर्ग में ये सेमीफाइनल में पहुंचे
फ्री स्टाइल 60 किलो भार वर्ग में रितिक राणा सहारनपुर, रामनिहाल फैजाबाद, संजय यादव बस्ती, राजकुमार देवीपाटन मंडल, 71 किलो वर्ग में अभिगरेगाल मुरादाबाद, शिवम यादव बस्ती, नवदीप मेरठ, सत्यप्रकाश गोरखपुर, 92 किलो वर्ग में रायेंद्र इलाहाबाद, मोहित कानपुर, अरविंद यादव गोरखपुर, रविंद्र चौधरी बस्ती ने क्वार्टर फाइनल में प्रतिद्वंद्वी पहलवानों को हराकर अंतिम चार में जगह पक्की कर ली।
बालिका वर्ग में इनके बीच होगा फाइनल
बालिका वर्ग में खिलाड़ियों की संख्या कम रहने से इनके बीच सीधे सेमीफाइनल मुकाबले हुए। 43 किलो फ्री स्टाइल में बबिता यादव गोरखपुर व पारुल फैजाबाद, 46 किलो में बबली फैजाबाद व प्रियंका आगरा, 53 किलो वर्ग में खुशी चौधरी बरेली व प्रीति सहारनपुर, 57 किलो वर्ग में मोनिका यादव वाराणसी व रिया चौधरी सहारनपुर, 61 किलो वर्ग में तनु सहारनपुर व काजल मेरठ, 65 किलो वर्ग में निधि त्रिपाठी बस्ती व शिवांगी सरोज इलाहाबाद, 69 किलो वर्ग में साक्षी सहारनपुर व हर्षिता फैजाबाद तथा 73 किलो वर्ग में वर्षा राज व लक्ष्मी पांडेय आगरा ने अपने मुकाबले जीतकर फाइनल में प्रवेश किया।
14 मंडल के 400 पहलवान ले रहे हिस्सा, आज होंगे फाइनल मुकाबले
जिला क्रीड़ाधिकारी केके पांडेय ने बताया कि प्रतियोगिता में 14 मंडल के करीब 400 बालक-बालिका पहलवान भाग ले रहे हैं। इनके ठहरने व खाने की व्यवस्था खेल विभाग ने की है। तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता का फाइनल सोमवार को खेला जाएगा। अंतर्राष्ट्रीय पहलवान रामाश्रय यादव, सीनियर भारतीय कुश्ती टीम के ग्रीको रोमन स्टाइल के कोच चंद्रविजय सिंह एवं यश भारती से सम्मानित जनार्दन सिंह यादव समापन समारोह के मुख्य अतिथि होंगे।