मेहरौनाघाट। प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुधारने में लगी है। प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों को मिलने वाले होमगार्ड जैसे ड्रेस को बदला गया। अब उन्हें कान्वेंट विद्यालयों जैसे ड्रेस दिए गए हैं। सरकार अब इंटर तक बच्चों को मुफ्त शिक्षा करने जा रही है। यह बातें प्रदेश के कबीना मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने लार के पिपरा चौराहे के रमावती धर्मनाथ कन्या इंटर कॉलेज के मैदान में शुक्रवार को आयोजित जनसभा में कही।
उन्होंने बसपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि उस सरकार में नौकरी रुपये से खरीदी जाती थी और कुछ खास नेता सौदा करते थे। प्रदेश में कुछ ईमानदार अधिकारियों की संख्या बढ़ी है, लेकिन अब भी कुछ रिश्वतखोर अधिकारी बचे हुए हैं। रिश्वतखोर अधिकारियों की रिश्वत लेते हुए वीडियो क्लिप भेजें। इनकी सीबीआई जांच कराकर छुट्टी करा देंगे। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का सपना है कि 2022 तक सभी गरीब पात्रों को रहने के लिए आवास मिले। उन्होंने पांच नवंबर को पिछड़ो को आरक्षण के लिए लखनऊ पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने भासपा के कार्यकर्ताओं को निकाय चुनाव में जुटने को कहा। इसके पूर्व कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान जगदीश यादव, रामचंद्र लारी, जयराम राजभर, विमलेश पाल, चंद्रभूषण सिंह, देवेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।