संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी। तेज आंधी-बारिश का असर मंगलवार को भी नजर आया। देहात फीडर से जुड़े करीब 50 गांवों में दूसरे दिन भी बिजली आपूर्ति ठप रही। बिजली न होने से भीषण गर्मी और उमस ने लोगों को बेहाल किया। बच्चों और बुजुर्गों की परेशानी बढ़ गई है। भटनी इलाके में सोमवार दोपहर आई तेज आंधी और बारिश से कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए थे। इससे हाईटेंशन तार टूट गए और कई जगहों पर बिजली के खंभे भी जमींदोज हो गए।
इससे देहात फीडर से जुड़े 50 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली कर्मियों के काफी प्रयास के बाद भी दूसरे दिन भी बिजली बहाल न होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। गांवों में मोबाइल चार्जिंग, पानी की सप्लाई और अन्य जरूरी काम ठप हो गए हैं।
लोगों ने कहा कि दो दिनों से जेई व बिजली कर्मियों का मोबाइल बंद है। लाख कोशिशों के बावजूद उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है।बिजली निगम के मुताबिक बिजली विभाग की टीम कई गांवों में मरम्मत के लिए पहुंची, लेकिन संसाधनों की कमी और स्टाफ की पर्याप्त उपलब्धता न होने के चलते काम अधूरा रह गया।
अवर अभियंता अमन कुमार ने बताया कि तेज आंधी में कई जगहों पर तार और खंभे टूट गए हैं। मरम्मत का काम चल रहा है। जल्द ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।