जिले में 49 एक्टिव केस, 83 संक्रमित ठीक होकर गए घर
एक दिन में ठीक हुए 13 संक्रमित, स्वास्थ्य महकमे ने राहत की सांस ली
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। कोरोना महामारी के बढ़ते प्रकोप के बीच जिले में संक्रमितों के ठीक होने की संख्या में इजाफा हो रहा है। बृहस्पतिवार को 13 संक्रमित ठीक होकर घर चले गए। जिले में अब 49 एक्टिव केस बचे हैं, जिनका इलाज चल रहा है। डीएम, एसपी और सीएमओ कोविड-19 अस्पताल में देर रात तक जमे रहे।
कोविड-19 अस्पताल में भर्ती 11 कोरोना संक्रमितों की दूसरी और तीसरी रिपोर्ट निगेटिव आई है। इन मरीजों को छोड़ दिया गया है और 14 दिन तक होम क्वारंटीन के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती दो मरीजों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है। अब जिले में एक्टिव केस की संख्या 50 से कम हो गई है। जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 137 तक पहुंची थी। इसमें तीन संक्रमितों की मौत हो चुकी है। अब 83 लोग इलाज के बाद ठीक किए जा चुके हैं। देर रात को कोविड-19 अस्पताल में पहुंचे डीएम, एसपी और सीएमओ काफी देर तक रहे। ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्यकर्मियों से संक्रमितों की एक्टिविटी के बारे में जानकारी ली और समय से भोजन मिल रहा है कि नहीं इसकी भी जांच की। इस बाबत सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय ने बताया कि 13 संक्रमित ठीक होकर घर चले गए। बाकी मरीजों का इलाज चल रहा है।
इनसेट
172 कोरोना संदिग्धों की रिपोर्ट आई निगेटिव
देवरिया। 172 लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है, जबकि 94 कोरोना संदिग्धों के सैंपल जांच के लिए गोरखपुर भेजे गए। 300 से अधिक जांच रिपोर्ट अभी आई नहीं है।
फोटो समाचार
पेंटिंग से जागरूक कर रहा बरहज का लाल
झांसी रेलवे स्टेशन पर आकर्षण का केंद्र बना है पेंटिंग पोस्टर
राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कर चुका हैं प्रतिभाग
सच्चिदा नंद/शत्रुघ्न सिंह
बरहज/कपरवार। कोरोना को हराने के लिए कपरवार के नौका टोला निवासी और एमएफए के छात्र अमित अभियान चलाकर पेंटिंग के जरिए लोगों को जागरूक कर रहे हैं। जबकि झांसी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्मों पर उकेरी गई पेंटिंग आकर्षण की केंद्र बनी हुई है। वह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुके हैं।
कपरवार के नौका टोला निवासी रामनारायण विश्वकर्मा और सुमन देवी की तीन संतानों में इकलौते पुत्र अमित हर्षचंद इंटर कॉलेज से बारहवीं पास कर झांसी के बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से बैचलर ऑफ फाइन आर्ट करने के बाद एमएफए अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने झांसी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक, दो, तीन और चार पर स्वच्छता, रेल सुरक्षा, ऐतिहासिक पोस्टर आदि की पेंटिंग की है। प्लेटफॉर्म नंबर एक पर ओरछा के चतुर्भुज मंदिर की वॉल पेंटिंग कोरोना संकट में भी आकर्षण बनी हुई है। कोविड-19 को हराने के लिए अमित ने पृथ्वी, सोशल डिस्टेंसिंग में मास्क लगाए कोरोना योद्धा स्वास्थ्य, पुलिस और मीडिया कर्मियों की पेंटिंग बनाई है। जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
इंसेट में-
2017 में मिला था स्टाइलिश आर्ट अवार्ड
बरहज। अमित देश-विदेश में आयोजित कई पेंटिंग प्रदर्शनियों में हिस्सा ले चुके हैं। 2017 में बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी ने प्रथम आने पर उन्हें स्टाइलिश अवार्ड दिया था। वह गोवा में उज्ज्वल आर्ट गैलरी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता, दिल्ली के गांधी आर्ट गैलरी सहित गोरखपुर, इलाहाबाद, मुंबई आदि शहरों में आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिताओं में अच्छा मुकाम हासिल कर चुके हैं।
इंसेट में-
नामचीन हस्तियों को भेंट कर चुके हैं उनकी तस्वीरें
बरहज। नौका टोला गांव निवासी अमित आर्ट गैलरी में पेंटिंग के जरिए विदेशों में देश का परचम लहराना चाहते हैं। 22 साल की उम्र में वह नामचीन हस्तियों को उनकी उकेरी गई तस्वीरें भेंटकर सम्मान हासिल कर चुके हैं। वह 28 सितंबर 2018 को पूर्व राज्यपाल रामनाईक के अलावा 2017 में कुमार विश्वास, भोजपुरी गायिका मालिनी अवस्थी, बॉलीवुड अभिनेत्री और शत्रुघ्न सिन्हा की पुत्री सोनाक्षी सिन्हा, हिमानी शिवपुरी आदि से मिलकर उनकी पेंट की गईं तस्वीरें भेंट कर चुके हैं।
फोटो समाचार।
रुद्रपुर में बेखौफ भीड़ से बढ़ सकता है कोरोना संक्रमण
सार्वजनिक जगहों पर उमड़ रही भीड़, सोशल डिस्टेंसिंग पर प्रशासन चुप
अमर उजाला ब्यूरो
रुद्रपुर। अनलॉक के पहले फेज में इलाके में कोरोना संक्रमण बढ़ने की आशंका है। सड़क से लेकर दफ्तरों में लग रही भीड़ कोरोना संक्रमण से अब बेखौफ बनी है। सार्वजनिक जगहों पर जाम और सरकारी कार्यालयों में दिन भर जमघट सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ा रहा है। प्रशासन की चुप्पी से नगर में भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है।
नगर के सटे रामचक, रनिहवा, बेलकुंडा, बढ़या बुजुर्ग, जद्दू परसिया, मांगा कोड़र, नरायनपुर, परसा जंगल गांव में कोरोना पॉजिटिव मिल चुके है। लॉकडाउन के दौरान लोगों ने बंदी का पूर्ण समर्थन किया, परंतु अनलॉक में लोग बेकाबू होकर सड़कों पर घूम रहे हैं। तहसील में अहले सुबह से शाम तक भीड़ लग रही है। बैंकों पर सुबह आठ बजे से ही लाइन लगाने को एक दूसरे को गुत्थमगुथी शुरू हो जा रही। कोतवाली गेट से जमुनी चौराहे पर मुख्य बाजार में खरीदारों की भीड़ उमड़ रही। होटलों पर चाय, नाश्ते के दौरान भी दुकानदार और खरीदार सोशल डिस्टेंसिंग नहीं बना रहे। इससे कोरोना संक्रमण बढ़ने की आशंका बनी है। वहीं, प्रशासन भी अब सार्वजनिक जगहों पर लग रही भीड़ को नजरअंदाज कर रहा। इस बाबत एसडीएम ओमप्रकाश ने कहा कि सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने को प्रशासन लगातार कार्य कर रहा है। भीड़ लगाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सामाजिक दूरी से ही हारेगा कोरोना : शिवेंद्र
विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आयोजित हुआ कोरोना जागरूकता कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
पथरदेवा/देवरिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवरिया की ओर से बृहस्पतिवार को तरकुलवा ब्लॉक के गढ़रामपुर में कोरोना पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। मुंडेरा गांव में वैश्विक महामारी कोविड-19 से बचाव लोगों को जागरूक किया गया।
प्राधिकरण के सचिव न्यायाधीश शिवेंद्र कुमार मिश्र कहा कि इस समय ग्रामीण इलाकों में सोशल डिस्टेंसिंग का सख्ती से पालन करने की जरूरत है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को सोशल डिस्टेंसिंग के पालन के लिए शपथ दिलाते हुए कहा कि कोरोना से बचाव ही उपचार है। दो गज की दूरी, मास्क जरूरी। हमें बीमारी से लड़ना है, बीमार से नहीं। ग्राम प्रधान जयंत सिंह को निर्देशित करते हुये कहा कि बाहर से आ रहे प्रवासी मजदूरों के लिए तय मानक के अनुसार सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराते हुए क्वारंटीन किया जाए। इस दौरान डॉ. भारतेंदु प्रताप राव, सच्चिदानंद सिंह, आनंदेश्वर प्रताप सिंह, भवनेश्वर प्रताप सिंह, पूर्व प्रधान जनार्दन सिंह, मोहन राव, थानाध्यक्ष तरकुलवा प्रदीप शर्मा, अरविंद यादव, अश्वनी दुबे, गणेश राव, प्रेम, अर्जुन वर्मा आदि मौजूद रहे।
कोरोना से बचाव के प्रति जागरूक करेंगे शिक्षक
ऑडिटोरियम हाल में शिक्षकों को दिया गया प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। टाउनहॉल के ऑडिटोरियम हॉल में ब्लॉक स्तरीय कोविड-19 का मास्टर प्रशिक्षकों को प्रशिक्षित किया गया। सभी ब्लॉक के शिक्षकों ने प्रशिक्षण लिया। सीडीओ ने प्रशिक्षकों को सार्वजनिक स्थानों, सरकारी कर्मचारियों तथा समाज के सभी वर्गों के बीच जाकर कोविड-19 संक्रमण से बचाव के लिए जागरूक करने की अपील की।
प्रशिक्षक निशेष गुप्ता ने कहा कि कोरोना महामारी को लेकर सभी को सजग रहना होगा। सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से जाने से परहेज करना होगा। हाथ साबुन से धोएं और सार्वजनिक स्थानों पर मास्क का प्रयोग करें। यातायात के साधनों का प्रयोग करते समय लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन जरूर करना होगा। अवर अभियंता डीसी श्रीवास्तव ने कहा कि सुबह शाम काढा का सेवन जरूर करना चाहिए। खान पान में मसाला आदि का कम से उपयोग हो तथा शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए गर्म पदार्थ सेवन करना होगा। आशुतोष नाथ तिवारी ने मास्क के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम समन्वयक विजय श्रीवास्तव ने बताया कि सभी सार्वजनिक स्थानों पर आम जनमानस को प्रशिक्षित किया जाना है। इसके लिए दो प्रशिक्षकों का समूह बनाकर लोगों को मास्क, सैनिटाइजर तथा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिए जागरूक करना है। प्रत्येक ब्लॉक में जन चौपाल के जरिए कोरोना से सचेत किया जाएगा। इसलिए प्रत्येक ब्लॉक से चयनित दस शिक्षकों समेत कुल 170 शिक्षकों को दो पालियों में प्रशिक्षित किया गया। इस दौरान प्रशिक्षक आशीष शुक्ला, आदित्य विक्रम सिंह यादव, आफाक अहमद, पंकज वर्मा, सुनीत तिवारी, सत्यनारायण, शिखर शिवम त्रिपाठी, दुर्गेश पांडेय आदि मौजूद रहे।
बुखार, खांसी की दवा लेने वालों की सूचना देंगे फार्मासिस्ट
प्रदेश सरकार ने जारी की हेल्पलाइन 1800-180-5146
आशा, एएनएम और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी देनी होगी सूचना
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। कोरोना के लक्षण वाले सभी मरीजों को सरकारी अस्पताल तक लाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने एक और हेल्पलाइन (1800-180-5146) जारी किया है। यह हेल्पलाइन सिर्फ प्राइवेट मेडिकल स्टोर चला रहे फार्मासिस्ट, आशा, एएनएम व आंगनबाड़ी के लिए होगी।
सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय ने कहा कि कोरोना पर अंकुश तभी लगाया जा सकता है, जब इसके लक्षण वाले किसी भी व्यक्ति को फौरन अस्पताल लाया जाए। टेस्ट में अगर पॉजिटिव है तो तुरंत इलाज शुरू हो। बहुत से लोग बुखार, खांसी की दवा मेडिकल स्टोर से लेते हैं। मेडिकल स्टोर के फार्मासिस्ट को ऐसे किसी भी व्यक्ति की डिटेल इस हेल्पलाइन नंबर पर बतानी है। ताकि हम उस शख्स को फॉलो कर सकें। यह हेल्पलाइन आम जनता के लिए नहीं है। इस पर प्राइवेट फार्मासिस्ट के अलावा आशा, एएनएम और आंगनबाड़ी काल कर सकेंगी। आशा, एएनएम और आंगनबाड़ी भी अपने संपर्क में आए किसी भी बुखार, खांसी के लक्षण वाले व्यक्ति के बारे में इस हेल्पलाइन पर सूचित करेंगी। आम जनता के लिए पहले से ही हेल्पलाइन नंबर (1800-180-5145) चल रही है। इसपर वह अपनी समस्या बयान कर सकते हैं।