ग्राम्य विकास मंत्री के आदेश पर दो सचिव सस्पेंड
टीए और रोजगार सेवक की संविदा खत्म की खत्म की गई
मनरेगा के कार्य की जांच में मिली थी अनियमितता
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। प्रदेश के ग्राम्य विकास मंत्री आनंदस्वरूप शुक्ल के निर्देश पर लार ब्लॉक के दो गांवों के ग्राम पंचायत सचिवों को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही रोजगार सेवक व मनरेगा के तकनीकी सहायक को संविदा समाप्ति का नोटिस जारी किया गया है। मंत्री के निरीक्षण में इनसे संबंधित ग्राम पंचायतों में गड़बड़ी मिली थी।
जिले में दौरे पर आए ग्राम्य विकास मंत्री आनंद शुक्ल ने बुधवार को भागलपुर ब्लॉक के छित्तूपुर में बंधे की मरम्मत, लार ब्लॉक के भरौली व बरडीहा परशुराम तथा बनकटा ब्लॉक के पिपरा बघेल उत्तर पट्टी गांव का निरीक्षण किया था। भरौली व बरडीहा परशुराम में विकास कार्यों में खामियां मिली थीं। मंत्री ने कहा था कि साथ में चल रही तकनीकी समिति की रिपोर्ट में यदि अनियमितता मिली तो कार्रवाई की जाएगी। देर रात को मंत्री को समिति ने रिपोर्ट दी, जिसमें बरडीहा परशुराम में प्रस्ताव से 50 मीटर कम कार्य मिला था। टीएसी टीम की ओर से किए मूल्यांकन में 92,292 रुपये और भरौली में 74,662 रुपये का कार्य कम पाया गया। सीडीओ के अनुसार मंत्री के निर्देश के बाद बरडीहा परशुराम के ग्राम विकास अधिकारी महेंद्र प्रसाद गोड़ व भरौली के ग्राम पंचायत अधिकारी मकसूदन मिश्र को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही रोजगार सेवक अनीता सिंह, तकनीकी सहायक अरुण कुमार, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी रवि सिंह की संविदा समाप्त करने और खंड विकास अधिकारी सुधा सिंह के खिलाफ पत्र और संबंधित प्रधान और सचिव और तकनीकी सहायक से धन की वसूली का आदेश जारी किया गया है। मनरेगा के तकनीकी सहायक व रोजगार सेवक की संविदा समाप्त करने का नोटिस दिया गया है। जिला विकास अधिकारी श्रीकृष्ण पांडेय ने बताया कि दो ग्राम पंचायत सचिवों को निलंबित कर दिया गया है।