अंक सुधार परीक्षा में पहले दिन 480 छात्र अनुपस्थित
देवरिया। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से हाईस्कूल व इंटर के छात्रों की अंक सुधार परीक्षा शनिवार से दस केंद्रों पर शुरू हुई। पहले दिन प्रथम पाली में हाईस्कूल की हिंदी व दूसरी पाली में इंटर के हिंदी प्रश्न पत्र की परीक्षा में कुल 480 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, गोरखपुर कार्यालय के अपर सचिव विनोद कृष्ण ने कई केंद्रों की जांच की।
हाईस्कूल की हिंदी के प्रथम पत्र में जनपद में कुल 654 परीक्षार्थी पंजीकृत रहे, इसमें 416 उपस्थित एवं 238 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में इंटर के हिंदी प्रश्न पत्र में पंजीकृत 606 में 364 उपस्थित रहे, वहीं 242 छात्रों ने परीक्षा ही छोड़ दी। कंट्रोल रुम के प्रभारी एवं जीआईसी के उपप्रधानाचार्य महेंद्र प्रसाद ने बताया कि शनिवार को दोनो पालियों में किसी केंद्र से कोई नकलची नहीं पकड़ा गया। उधर परीक्षा के दौरान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, गोरखपुर कार्यालय के अपर सचिव विनोद कृष्ण ने शहर स्थित राजकीय इंटर कॉलेज, कस्तूरबा राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, सलेमपुर स्थित बापू इंटर कॉलेज, भटनी के सुभाष इंटर कॉलेज, चंद्रशेखर आजाद इंटर कॉलेज देवगांव, गौरीबाजार व एएनडी इंटर कॉलेज पथरदेवा केंद्र पर पहुंचकर जांच की। उन्होंने बताया कि सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे एवं वायस रिकार्डर संचालित होते पाया गया। नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए बोर्ड प्रतिबद्ध है। परीक्षा की शुचिता बनी रहे, इसका पूरा ध्यान दिया जा रहा है। सोमवार को सुबह की पाली में हाईस्कूल में पालि, अरबी, फारसी एवं इंटर में संगीत गायन, संगीत वादन एवं नृत्यकला तथा दूसरी पाली में हाईस्कूल में संगीत गायन एवं इंटर में सामान्य आधारिक विषय व्यवसायिक वर्ग के लिए, कृषि शस्य विज्ञान प्रथम प्रश्न पत्र कृषि भाग एक के लिए व कृषि शस्य विज्ञान षष्टम प्रश्न पत्र कृषि भाग दो के लिए की परीक्षा होगी।