चौकीदारों ने की मानदेय बढ़ाने की मांग
फोटो समाचार
शहर में जुलूस निकाला, डीएम को सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। ग्रामीण चौकीदार यूनियन की बैठक सोमवार को राघवनगर स्थित कैंप कार्यालय पर हुई। इसमें मानदेय सहित अन्य समस्याओं पर चर्चा करने के बाद चौकीदारों ने जुलूस निकालकर डीएम कार्यालय पहुंचकर दस सूत्री मांग पत्र सौंपा।
जिलाध्यक्ष जितेंद्र यादव ने कहा कि आजादी के सात दशक के बाद भी ग्रामीण चौकीदारों की दशा बंधुआ मजदूर जैसी है। मात्र 50 रुपये की मजदूरी मिल रही है। महंगाई के दौर में कम मजदूरी पर काम करने से हम भुखमरी के कगार पर पहुंच गए हैं। चुनाव के वक्त राजनीतिक दलों ने ग्रामीण चौकीदारों की दशा सुधारने की बात कही थी, लेकिन अब तक कुछ नहीं किया गया। उन्होंने डीएम को लिखे पत्र में ग्रामीण चौकीदारों को 18 हजार मानदेय देने, दुर्घटना बीमा के अलावा पीआरडी जवानों की तर्ज पर वर्दी देने, थाने में तैनात पुलिसकर्मियों के निजी काम कराने पर रोक लगाने की मांग की गई। इस दौरान ओमप्रकाश, शर्मा प्रसाद, विरेंद्र यादव, रविंद्र, विनोद, रामपाल, अशोक प्रसाद आदि मौजूद रहे।