बेटियों ने भरी उड़ान तो देवरिया को मिला नया मुकाम
- एथलेटिक्स में चिंता और हैंडबाल में मंजुला बढ़ा रहीं जिले का मान
- मिसेज वर्ल्ड-2018 में तेजस्विनी बिखेरेंगी अपनी खूबसूरती
नीलांबुज मिश्र
देवरिया। जिले की बेटिया इंटरनेशनल स्तर पर खेलों में अपनी धाक जमा रही हैं। हाल ही में जकार्ता में संपन्न हुए एशियाई खेल में भारतीय एथलेटिक टीम की ओर से तीन हजार स्ट्रीपल चेज में चिंता यादव और हैंडबॉल में मंजुला पाठक ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं साउथ अफ्रीका मिसेज वर्ल्ड-2018 में देवरिया की तेजस्विनी देश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
--------------
चिंता ने इंटरनेशलन खेलों तक भरा फर्राटा
- देवरिया की बैदा कुंवर गांव की रहने वाली 26 वर्षीय चिंता यादव गांव की पकडंडियों से ही दौड़ना शुरू किया। इसके संघर्षों के बीच आर्थिक तंगी और कई बाधाएं आई। लेकिन सभी झंझावतों को पीछे छोड़ते हुए लक्ष्य हासिल करने में सफल रहीं। 2007 में केडी सिंह बाबू स्टेडियम लखनऊ में संचालित एथलेटिक्स हॉस्टल में चयन हुआ। वहां कोच विमला सिंह की देखरेख में चिंता को पंख लग गए। एक माह पूर्व गुवाहाटी में हुए सीनियर इंटरस्टेट में बेहतर प्रदर्शन करने पर जकार्ता में होने वाले एशियन गेम्स में चयन हो गया। चिंता इन दिनों मुंबई में रेलवे में टीसी के पद कार्यरत हैं। दो बहनों व दो भाईयों में दूसरे नंबर की चिंता यादव अपनी सफलता का श्रेय अपने स्व. पिता रामविदेश यादव को देती है। घर पर इनकी मां रमावती देवी और दो भाई रहते हैं। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। उनके सहायक कोच जवाहर प्रसाद कहते हैं कि चिंता अब अलग मुकाम हासिल कर चुकीं हैं। उनसे देवरिया ही नहीं पूरा देश गर्व महसूस कर रहा है।
-----------------------
हैंडबाल में मंजुला ने देवरिया का बढ़ाया मान
सजांव गांव निवासी विनोद पाठक की बेटी हैंडबॉल खिलाड़ी 24 वर्षीय मंजुला पाठक भारतीय टीम में शामिल होकर जिले का मान बढ़ा रहीं हैं। 18वें एशियन गेम्स में उन्होंने बेहतर प्रदर्शन किया। इसके पूर्व 2016 में साउथ एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने वाली टीम, वर्ष 2017 में पाकिस्तान के फैसलाबाद में हुए इंटरनेशनल हैंडबॉल टूर्नामेंट में रजत पदक जीतने वाली भारतीय टीम की हिस्सा रहीं हैं।
उन्होंने अपने खेल की शुरूआत देवरिया से की। इसके बाद उनका चयन साई हॉस्टल लखनऊ में हो गया। वह चुनाव आयोग की मतदाता जागरूकता अभियान की ब्रांड एंबेसडर हैं। जिला क्रीड़ा अधिकारी केके पांडेय कहते हैं कि उनके प्रदर्शन से देवरिया को इंटरनेशनल स्तर पर नई पहचान मिली है।
-------------------------------
दुनिया में खूबसूरती बिखेरेंगी तेजस्विनी
- 18 सितंबर से साउथ अफ्रीका के जोहनसबॉर्ग में मिसेज वर्ल्ड 2018 में की शुरूआत होगी। इस प्रतियोगिता में 45 देश के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। इसमें लार के खेमादेई गांव निवासी तेजस्विनी सिंह (27) भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। इसकी शुरूआत 18 सितंबर से होगा। 2018 जनवरी में सिंगापुर में आयोजित मिसेज इंडिया इंटरनेशनल का खिताब जीत चुकी है। तेजस्विनी सिंह प्रतियोगिता के लिए कंट्री कल्चर राउंड में वह भारत के सभी राज्यों की खास कला से सजी ड्रेस में नजर आाएंगी। उनका कहना है कि प्रतियोगिता के हर पड़ाव के लिए अपनी भारतीय संस्कृति को बखूबी निभाएंगी इसकी पूरी तैयारी की हैं। वह 17 सितंबर को साउथ अफ्रीका के लिए रवाना होगी।