सड़क की खुदाई कराकर मानक देखते कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही।
- फोटो : अमर उजाला
बघौचघाट। कृषि मंत्री सूर्यप्रताप सिंह ने शनिवार को पथरदेवा विधानसभा क्षेत्र में निर्मित सड़कों का निरीक्षण किया। पथरदेवा, तरकुलवा, देसही देवरिया ब्लॉक क्षेत्र में सड़कों की खराब गुणवत्ता पर मंत्री ने नाराजगी जताई। चेतावनी दी कि सड़कों को ठीक करो नहीं तो बर्खास्त होने के लिए तैयार रहो। संबंधित ठेकेदारों को काली सूची में डालने के भी निर्देश दिए।
कृषि मंत्री ने गृह ब्लॉक पथरदेवा की खैरवा से सकतुआ की सात किलोमीटर लंबी सड़क का अवलोकन किया। 393.64 लाख रुपये से निर्मित सड़क में गिट्टी की जगह मिट्टी का इस्तेमाल हुआ था। कहीं गिट्टी थी भी तो उसमें भस्सी की जगह मिट्टी डाली गई थी। चौड़ाई भी कम पाई गई। इस सड़क को 2017 में पूर्ण करना था, पर अभी काम चल रहा है। सड़क पूर्ववर्ती सपा सरकार में पूर्व विधायक शाकिर अली के प्रस्ताव पर बन रही है। चुनाव के समय बिना सड़क बने ही विधायक का शिलापट्ट लग गया था। तभी से सड़क पर बड़ी गिट्टी डाल कर ठेकेदार ने छोड़ दिया था। ग्रामीणों की शिकायत के बाद हाल ही में कार्य शुरू हुआ है। इसके बाद मंत्री ने कोटवा, पांडेपुर की सड़कों की भी जांच की। उनके साथ ब्लॉक प्रमुख सुब्रत शाही, पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन आरके चौधरी, एई समरजीता सोनकर, जेई साहब हुसैन, आलोक कुमार मौजूद रहे।