देवरिया। जिले में सिर्फ तरकुलवा थाना क्षेत्र के बालपुर श्रीनगर छोटी गंडक नदी में बालू खनन का परमिट छह माह के लिए है, जो एक अक्टूबर से शुरू हुआ है। आठ नए बालू घाट का पट्टा करने के लिए खनन विभाग ने शासन को रिपोर्ट भेजा है, जिसका शासन स्तर से ई-टेंडर के जरिए पट्टा होगा।
जनपद में पुलिस और विभागीय मिलीभगत से कई स्थानों पर अवैध बालू का खनन हो रहा है। तीन दिन पूर्व भटनी में पांच ट्राली-ट्रैक्टर बालू लदा पकड़ा गया था। खनन अधिनियम के तहत कार्रवाई भी हुई। इसके अलावा लार, सलेमपुर ,भटनी और भागलपुर इलाके के छोटी गंडक व घाघरा नदी में बालू का खनन कराया जा रहा है। वहीं अवैध खनन को लेकर सीबीआई जांच के जद में आए देवरिया जिले में अभी तक खनन के लिए पट्टा की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। जून माह के अंत में सिर्फ छह माह के लिए बालपुर श्रीनगर में बालू का ठेका हुआ। लेकिन बरसात के चलते खनन नहीं हो सका। इसलिए इसकी शुरूआत रविवार से हुआ है। वहीं खनन विभाग ने शासन को सलेमपुर तहसील क्षेत्र में गंडक नदी के चार घाट, रूद्रपुर में राप्ती के दो घाट और देवरिया में दो घाट का पट्टा करने के लिए अपनी रिपोर्ट भेजा है। इस बाबत खनन अधिकारी उमाकांत ने बताया कि जिले में बालू खनन के लिए एक घाट को परमिट है। आठ बालू घाट के पट्टा के लिए शासन को रिपोर्ट भेजी गई है। ई टेंडरिंग के जरिए ठेका होगा।