बरहज। जयनगर स्थित विद्युत सब-स्टेशन के पश्चिमी फीडर में तकनीकी खराबी से दो दिनों से क्षेत्र की बिजली गुल है। इससे पानी की टंकी खाली हो गई है। मोबाइल चार्जिंग को लेकर लोग परेशान हैं।
पश्चिमी फीडर से देहात क्षेत्र के करीब 70 गांवों को बिजली आपूर्ति दी जाती है। दो दिन पहले 33 हजार की मुख्य सप्लाई में आई खराबी से नगर सहित करीब 150 गांव अंधेरे में हैं। उमस भरी गर्मी में रात काटना मुश्किल हो गया था। गुरुवार की शाम मुख्य सप्लाई के दुरूस्त होने पर विभाग ने बारी-बारी से आपूर्ति बहाल करना शुरू किया। इसी बीच पश्चिमी फीडर में ब्लास्ट हो गया। जिससे देहात क्षेत्र के हजारों लोगों को अंधेरे में रात काटना पड़ेगा। एसडीओ शिवम नाथ तिवारी ने बताया कि नजदीकी विद्युत केंद्र से उपकरण मंगाकर ठीक कराया जा रहा है।