देवरिया। टेक्निकल फॉल्ट से शहर की 30 हजार से अधिक आबादी रात भर बिजली से महरूम रही। उमस भरी गर्मी ने दिक्कतों को बढ़ा दिया। जंफर को दुरुस्त करने में सात घंटा लग गए। बिजली आपूर्ति सुबह 7.45 बजे बहाल होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। बैतालपुर सब-स्टेशन के बरपार फीडर से जुड़े गांवों में बिजली कटौती से लोग हलकान रहे।
भटवलिया ट्रांसमिशन से रामलीला मैदान सब-स्टेशन को 33 हजार वोल्टेज की बिजली सप्लाई होती है। शनिवार की रात 12 बजे रामनाथ देवरिया मोहल्ले में जंफर कट गया। इसके कारण सेक्शन को जोड़ने वाला तार खराब हो गया। रामलीला मैदान सब-स्टेशन की इनकमिंग बिजली ठप हो गई। टाउन, रेलवे, भुजौली और हनुमान मंदिर फीडर से जुड़े 20 से अधिक मोहल्लों में अंधेरा हो गया। रात होने के कारण फॉल्ट नहीं मिला। कुछ घंटों के बाद घरों के इंवर्टर जवाब दे गए। सुबह ट्रेन पकड़ने के लिए रेलवे स्टेशन जाने वालों को दुश्वारियां उठानी पड़ी। वजह स्ट्रीट लाइट्स नहीं जल रहा था। बिजली की कटौती से सुबह में पानी नहीं मिल सका। हॉली-डे के चलते कोई खास दिक्कत नहीं हुई। जूनियर इंजीनियर अमित प्रताप सिंह की निगरानी में कर्मचारियों ने फॉल्ट ढूंढा, सात बजे जंफर को दुरुस्त कर लिया। बिजली की आपूर्ति शुरू होते ही पानी भरने के लिए टंकियों को चालू किया। इसके चलते कई मोहल्लों में लो-वोल्टेज से लोग जूझने लगे।