देवरिया। बैतालपुर डिपो में मारपीट, घटतौली और पंप मालिकों के विवाद और नेपाली टैंकर से गुंडा टैक्स की वसूली ने महकमे में खलबली मचा दी है। तेल चोरी के प्रकरण में डिपो प्रबंधक को लखनऊ मुख्यालय तलब किया गया है। जिससे अधिकारियों के हाथपांव फूल गए हैं। कंपनी की छवि को दागदार करने वाले अफसरों के खिलाफ कार्रवाई के संकेत मिल रहे है।
सूत्रों का दावा है कि कुछ दिन में लखनऊ की एक टीम डिपो के अंदर और बाहर चल रही संदिग्ध गतिविधियों की पड़ताल करेगी। डिपो की संवेदनशीलता को देखते हुए पेट्रोलियम मंत्रालय भी गंभीर है। दिल्ली में बैठे कुछ अधिकारियों से बैतालपुर डिपो प्रकरण में जिम्मेदारों से जानकारी मांगी है। सूत्रों का दावा है कि पेट्रोलियम मंत्रालय से डिपो प्रबंधक अखिलेश मंडल को फोन पर जानमाल की धमकी, एसएनडी राहुल गोस्वामी पर हमले की बात को नजरअंदाज किया गया था। इन दोनों प्रकरणों को भी मुख्यालय ने गंभीरता से लिया है।
बैतालपुर डिपो में स्थानीय तेल माफियाओं की मिलीभगत से टैंकर चालक सेफ्टी लॉक को तोड़कर तेल चोरी का खेल कर रहे हैं। विरोध करने पर माफिया मारपीट पर उतारू हो जा रहे हैं। रुद्रपुर पिड़रा में किसान सेवा केंद्र के पेट्रोल पंप पर 50 लीटर पेट्रोल की कमी हो गई। सेल्समैन रामसमुझ ने तेल चोरी की सूचना डिपो प्रबंधक को दी। जिसके बाद मनबढ़ों ने शनिवार की रात उसकी पिटाई कर दी। डिपो प्रबंधक अखिलेश मंडल और उनकी टीम ने पूरे प्रकरण को हल्के में लिया, जिससे विवाद बढ़ गया। नियमानुसार अगर टैंकर चालक चोरी, तेल शॉर्ट करने में संलिप्त पाए जाते हैं तो डिपो से चालक ब्लैक लिस्ट में चला जाएगा और टैंकर मालिक का डिपो से अनुबंध खत्म हो जाएगा, लेकिन आज तक तेल शॉर्ट के खेल में कंपनी की तरफ से किसी भी ट्रांसपोर्टर, चालक को प्रतिबंधित नहीं किया गया।
1700 लीटर पेट्रोल की घटतौली ने आग में घी का काम किया। तीन दिनों से ट्रक डिपो के बाहर खड़ी रही। सीसीटीवी में उसकी फुटेज है। एप्स के माध्यम से भी यह ज्ञात हो रहा है कि बरवा फहीम, महराजगंज किसान सेवा केंद्र पर जा रहा टैंकर 800 मीटर के बाद आगे नहीं बढ़ा। आखिर किस शर्त पर चालक ने गाड़ी पेट्रोल पंप पर ले जाना मुनासिब समझा। सूत्रों का दावा है कि तेल डिपो के अंदर पारदर्शिता के लिए अलग से बांट-माप का गठन किया गया है। लेकिन वह भी निष्प्रयोज्य साबित हो रही है। तेल में विवाद के खेल को ‘अमर उजाला’ ने प्रमुखता से प्रकाशित किया। पूरे प्रकरण को लखनऊ मुख्यालय में बैठे अधिकारियों ने गंभीरता से लिया। बैतालपुर डिपो प्रबंधक अखिलेश मंडल को लखनऊ मुख्यालय ने तलब कर लिया। सूत्रों का दावा है कि डिपो के अंदर धांधली, गुंडा टैक्स और बाहर चल रहे तेल चोरी के खेल में जवाब मांगा जा सकता है। लखनऊ में आईओसी के मीडिया प्रभारी एम के अवस्थी ने बताया कि डिपो प्रबंधक लखनऊ आए हैं, हो सकता है कि वह किसी दूसरे काम से आए हों। मै बाहर हूं, प्रकरण में पूरी जानकारी नहीं है। गौरतलब है कि बैतालपुर डिपो के बाहर बड़े गेट बनवाकर तेल चोरी का खेल लंबे समय से चल रहा है। पुलिस संरक्षण में चलने वाले धंधे पर लगाम नहीं लगाई जा सकती है। एक सप्ताह के अंदर बैतालपुर डिपो में मारपीट की कई वारदात हो चुकी है। केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। विवाद के तीन प्रकरण गौरीबाजार पुलिस के पास है। सभी मामले लंबित है। जांच के नाम पर पुलिस कोरमपूरा कर रही है। मारपीट और तेल चोरी करने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस अधीक्षक राजीव मल्होत्रा ने बताया कि तेल चोरी का खेल चल रहा है। डिपो पर मारपीट के मामले में केस दर्ज है। पुलिस जल्द की कार्रवाई करेगी।