संवाद न्यूज एजेंसी
तरकुलवा। स्थानीय विद्युत उपकेंद्र की बिजली कटौती थमने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार की रात में उपकेंद्र की मेन लाइन में फॉल्ट से 400 गांवों की बिजली गुल रही। इससे उमस भरी गर्मी में उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ी। बिजली-पानी के लिए हाहाकार मचा रहा।
33/11 केवी तरकुलवा विद्युत उपकेंद्र की मेन सप्लाई कसया पॉवर हाउस से दी जाती है। इससे उपकेंद्र पर लगे तरकुलवा, पथरदेवा, गढ़रामपुर, बंजरिया फीडरों के जरिए दर्जनों कस्बा और करीब 400 गांवों के उपभोक्ताओं को बिजली सप्लाई दी जाती है। बुधवार की रात में एक बजे कसया की मेन लाइन में अचानक फॉल्ट हो गया। इससे उपकेंद्र के सभी 400 गांवों में बिजली की आपूर्ति ठप हो गई। काफी मशक्कत के बाद बिजली कर्मचारियों ने सुबह 10 बजे आपूर्ति को चालू किए। इस दौरान पूरे 9 घंटे तक बिन बिजली चारों तरह हाहाकार मचा रहा। बृहस्पतिवार को बिजली सप्लाई शुरु होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।