आभूषण की दुकान से हुई लूट के सोने-चांदी के साथ चार हिरासत में
नकाबपोश की हुई पहचान, चार हिस्सों में बंटा था लूटा का सोना-चांदी
32 लाख की लूट के पर्दाफाश के नजदीक पहुंची पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। आभूषण की दुकान से 32 लाख के सोना-चांदी के गहनों की लूट के मामले में पुलिस को सीसीकैमरे की फुटेज के जरिए जो शंका थी, वह विश्वास में बदलती नजर आ रही है। घटना के समय एक युवक के हंसते हुए चेहरे और आराम से आभूषणों को नकाबपोशों के हवाले कर देने पर पुलिस के आला अफसरों को शक हुआ था। चार लोगों को पुलिस ने लूट के माल के साथ हिरासत में ले लिया है।
सदर कोतवाली के मलकौली गांव निवासी सूरज वर्मा ने सदर कोतवाली के रुद्रपुर मार्ग पर लक्ष्मी नारायण मंदिर के पास आभूषण की दुकान खोल रखी है। 19 जनवरी की शाम को करीब साढ़े छह बजे सफेद रंग की अपाची बाइक पर सवार दो बदमाशों ने दुकान से 32 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए। इस मामले का पर्दाफाश करने के लिए एसओजी सहित तीन टीमों को लगाया गया है। जिन थोक सोना-चांदी विक्रेताओं से सूरज वर्मा खरीदारी करते हैं उनके बारे में पुलिस जानकारी जुटाई तो पता चला कि शहर के तीन थोक दुकानदारों से सर्राफ ने जेवरात खरीदे थे। इसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया तो काल डिटेल के जरिए कुछ अहम सुराग हासिल हुए। इस पर संदिग्धों और सर्राफ से जानकारी मांगी तो पुलिस पर्दाफाश की ओर बढ़ने लगी। पुलिस सूत्रों की बातों पर गौर किया जाए लूट की वारदात की जांच सर्राफ के ईद-गिर्द घूम रही है। करीब चार दिनों की जांच में पुलिस ने कुछ लोगों से कड़ाई से पूछताछ की तो लूट के माल का भी सुराग हाथ लग गया। इसमें भलुअनी और रामपुर कारखाना के दो युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया, जो मुंह बांधकर पिस्टल के साथ घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। इसके बाद चार हिस्सों में सोने, चांदी के जेवरात के बंटवारे की बात सामने आ रही है। इसमें से एक को छोड़कर घटना में शामिल सभी को पुलिस ने पकड़ लिया है। इन शातिरों की तलाश में शनिवार को पुलिस की टीम ने कई जगहों पर दबिश देकर संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनसे पूछताछ के दौरान पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। घटना को एक खास नीयत से अंजाम दिया गया है। पुलिस इसको उजागर एक-दो दिन में कर देगी। इसमें सर्राफ के पास अक्सर आने-जाने वालों का हाथ है। इस संबंध में एएसपी राजेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा। घटना को अंजाम क्यों दिया गया है। यह भी बहुत जल्द उजागर हो जाएगा।