देवरिया। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन को सुगम बनाने और छूटी हुई कड़ियों को जोड़ने के लिए शासन ने योजना को मंजूरी दे दी है।
मुख्यमंत्री ग्राम्य विकास योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत देवरिया जिले की 39 प्रमुख सड़कों के नवनिर्माण और छूटी कड़ियों को पूरा करने के लिए वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी गई है।
इन परियोजनाओं के पूरा होने से जिले के विभिन्न गांवों के बीच संपर्क मार्ग मजबूत होंगे, जिससे लाखों ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलेगी। शासन द्वारा जारी स्वीकृत सूची के अनुसार सदर विधानसभा के गदपुरवा और कुर्ना के बीच 2.5 किमी सड़क का निर्माण किया जाएगा। पाननकुंडा पिच से मुख्य मार्ग की छूटे एक किमी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। अगस्तपार बाईपास से देवरिया बेलडाड़ मार्ग पर 2.10 किमी का निर्माण, करमाजीतपुर हरिजन बस्ती से हरेररामपुर रेलवे ढाला तक 1.30 किमी तक नवनिर्माण कार्य, मस्टोडर गिरी में मेन पिच से सड़क से प्राथमिक पाठशाला होते हुए कुरठिया बढ़या संपर्क मार्ग एक किमी, धतुरा खास टोला एवं पासी टोला के बीच छूटी कड़ी संपर्क मार्ग 2.20 किमी का निर्माण कराया जाएगा।
वहीं देवरिया पकड़ी मार्ग पर स्थित ग्राम बैदा से ग्रामसभा तिवईं कुर्ना नाला पुल तक 1.50 किमी सड़क निर्माण कार्य कराया जाएगा।
पथरदेवा विधानसभा में सझवां बरारी वाया बांसपार नहर का पटरी संपर्क मार्ग 2.60 किमी, नौतन हथियागढ़ बंधे से बावन मोर्चा चकदेइया पुल तक छूटी 1.30 किमी सड़क समेत कुल 6 सड़कों का निर्माण कराया जाएगा।
रामपुर कारखाना विधानसभा में बड़हरा सिधुआ मार्ग से लक्ष्मीपुर संपर्क का 1.05 किमी नई सड़क का निर्माण, विशुनपुरा बाजार मुख्य मार्ग पर स्थित मदन गोड़ के घर से पिपरा भुआल अनुसूचित जाति बस्ती तक एक किमी संपर्क मार्ग समेत कुल सात सड़कें स्वीकृत हुई हैं। भाटपाररानी में सलेमपुर मझौली मैरवां मार्ग पचरुखिया ग्राम एवं ताली बाजार मठिया के बीच छूटी 1.60 किमी का नवनिर्माण, घांटी चखनी मार्ग पर स्थित रायबारी पूरब टोला के मध्य छूटी 1.70 किमी सड़क समेत कुल 6 सड़कें स्वीकृत हैं। बरहज में पांडेय फुलवरिया से मिर्जापुर संपर्क मार्ग के एक किमी का निर्माण, परसिया देवार में खरवार टोला तक 1.70 किमी संपर्क मार्ग समेत कुल सात सड़कों के निर्माण की स्वीकृति मिली है। सलेमपुर में कंपोजिट विद्यालय अहिरौली लाला से सोमनाथ मंदिर तक संपर्क का निर्माण कराया जाएगा।