मतदान केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था संभालते पुलिसकर्मी।
देवरिया। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले के सभी 16 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। मतदान केंद्रों की सुरक्षा में 369 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई।
सीओ, प्रभारी निरीक्षक और थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
पुलिस विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि एसपी अभिजित आर शंकर के निर्देश पर मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस फोर्स तैनात की गई। सुरक्षा व्यवस्था में 76 निरीक्षक और उपनिरीक्षक, 32 मुख्य आरक्षी, 136 सशस्त्र आरक्षी, 90 निशस्त्र आरक्षी और 35 महिला आरक्षियों की ड्यूटी लगाई गई। सभी पुलिसकर्मियों को मतदान केंद्रों और आसपास के क्षेत्रों में सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
एसपी ने संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को चुनाव के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाए। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की सतर्कता जांची और पूरी जिम्मेदारी से ड्यूटी करने के निर्देश दिए। पुलिसकर्मियों को संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से समन्वय बनाए रखते हुए मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को कहा गया।
पुलिस की ओर से मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने और शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।