प्राइवेट अस्पताल पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मारा छापा
छापामारी से हड़कंप, रजिस्ट्रेशन रद्द होने के बाद भी हुआ था ऑपरेशन
अमर उजाला ब्यूरो
घांटी बाजार। घांटी में देर रात स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक प्राइवेट नर्सिंग होम पर छापा मारा। टीम को देखकर डॉक्टर पीछे खिड़की से छलांग लगाकर फरार हो गया। मौके पर दो मरीज ऑपरेशन के बाद बेड पर मौजूद रहे। देर रात तक पूछताछ के बाद टीम डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की बात कहकर वापस चली गई। छापामारी में भटनी थाने की पुलिस भी मौजूद रही।
भटनी के घांटी बाजार में पिछले कई सालों से सेवाश्रम हॉस्पिटल के नाम से एक प्राइवेट नर्सिंग होम संचालित है। अस्पताल का रजिस्ट्रेशन डॉ. सारिक अहमद के नाम से है। जो यहां कभी बैठते नहीं हैं। इसका संचालन दूसरे डॉक्टर करते हैं। घांटी रायपूरा के प्रवीण कुमार राय ने सीएमओ से इसकी शिकायत की थी। जिसकी जांच अपर मुख्य चिकित्सा द्वारा कराई गई। जांच के बाद शिकायत सही पाए जाने पर अस्पताल का रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया गया था। साथ ही चेतावनी दी गई थी कि भविष्य में अगर यहां किसी प्रकार का ऑपरेशन होगा तो डॉक्टर के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। शनिवार की रात शिकायतकर्ता ने सूचना दी कि नर्सिंग होम में दो मरीजों का ऑपरेशन हुआ है। जिसके बाद भटनी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भटनी पुलिस के साथ अस्पताल पर छापा मारा। मौके पर दो मरीज मिले, जिनका ऑपरेशन हुआ था। मरीजों को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने साथ में चलने के लिए कहा। लेकिन मरीजों ने जाने से इन्कार कर दिया। इसके बाद उनका बयान दर्ज किया गया।