मुसहर बस्तियों में होगी ‘हैप्पी दिवाली’
पर्व के उपलक्ष्य में मुसहर बस्ती में स्वास्थ्य शिविर लगाएगा विभाग
विकास की अन्य योजनाओं का भी प्राथमिकता से क्रियान्वयन का निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। वनटांगिया और मुसहर बस्तियों की दिवाली इस बार हैप्पी होगी। इन बस्तियों में त्योहार को खास बनाने के लिए शासन ने निर्देश दिए हैं। चिह्नित बस्तियों में स्वास्थ्य कैंप लगेंगे, सरकारी योजनाओं की चमक से इन गांवों को रोशन किया जाएगा। सभी अफसरों को इसके लिए निर्देश दिया गया है। दीपावली से पूर्व तक सभी कार्य प्राथमिकता में रखकर पूरा करने को कहा गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि खुद सीएम भी गोरखपुर के किसी मुसहर व वनटांगिया गांव में दीपावली मना सकते हैं।
सांसद रहते हुए योगी आदित्यनाथ इन बस्तियों के विकास को लेेकर हमेशा संजीदा रहे हैं। उनके हक की हर लड़ाई का आगे बढ़कर प्रतिनिधित्व किया है। यही कारण है कि योगी आदित्यनाथ के सूबे की सत्ता संभालने के बाद से ही वनटांगिया और मुसहर जाति का विकास शासन-प्रशासन की प्राथमिकता में आ गया है। इस समुदाय के लोगों का जीवन स्तर सुधारने के लिए सरकार ने कई योजनाएं लागू की हैं और इनका क्रियान्वयन भी शुरू करा दिया है। इनके जीवन का अंधेरा दूर करने के लिए सरकार ने दीपावली को चुना है। मुसहर व वनटांगिया बस्तियों में इसके मद्देनजर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। बीते 15 अक्तूबर को मंडलीय समीक्षा बैठक में कमिश्नर के इस बाबत सख्त हिदायत के बाद मुख्य विकास अधिकारी ने भी विभागीय अफसरों को सचेत कर दिया है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि दीपावली से पूर्व अपने विभाग से संचालित सभी कल्याणकारी योजनाओं से इन परिवारों को संतृप्त कराएं। नाली, खड़ंजा, साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, कार्ड, आवास, पेंशन के कार्य प्राथमिकता से कराए जाएंगे। इन गांवों में स्वास्थ्य कैंप लगाकर दवा-उपचार व टीकाकरण के भी निर्देश दिए गए हैं। किसी भी परिवार को इससे वंचित नहीं रखने की हिदायत दी है। इस अवधि में मनरेगा के तहत सभी काम चालू रहेंगे। श्रम विभाग सभी श्रमिकों का पंजीयन करेगा। इसके लिए जिलास्तरीय अफसरों को सिर्फ मातहतों के भरोसे नहीं छोड़ते हुए खुद इन गांवों में जाकर सत्यापन करने को भी गया है।
जिले में हैं 13 मुसहर बस्तियां
जिले में कुल मुसहर बस्तियों की संख्या 13 है। यह सभी बस्तियां कुशीनगर की सीमा से लगते पथरदेवा ब्लॉक में हैं। वनटांगिया की कोई भी बस्ती जिले में चिह्नित नहीं है।
सीएम की मंशा के अनुरूप जनपद स्तरीय व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मुसहर बस्तियों में अपने-अपने विभागों में संचालित योजनाओं की जानकारी आमजन को देंगे। यह अभियान सिर्फ दीपावली तक ही सिमट कर नहीं रहेगा, बल्कि सभी अधिकारियों को इन बस्तियों में योजनाओं की प्रगति का विवरण प्रत्येक माह की पहली तारीख को उपलब्ध कराने को कहा गया है।
-राजेश त्यागी, सीडीओ।