भाई के निधन पर मायके आ रही बहन की हादसे में मौत
रविवार की भोर में सदर कोतवाली के सोंदा के पास ट्रक से टकराई कार
चालक और बेटा भी घायल, जिला अस्पताल में कराया गया उपचार
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। भाई के निधन की सूचना पर मायके आ रही महिला की मार्ग दुर्घटना में मौत हो गई। सदर कोतवाली के सोंदा के पास कार सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। हादसा रविवार की सुबह शहर से सटे सोंदा गांव के पास हुआ। घायल चालक और मृत महिला के बेटे का उपचार जिला अस्पताल में कराया गया। सूचना मिलने पर महिला के मायके और ससुराल में कोहराम मच गया। सभी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
बस्ती जिले के परशुरामपुर थानाक्षेत्र के रजवापुर गांव निवासी ज्ञांती देवी (51) पत्नी किशोरी प्रसाद सिंह का मायका जिले के लार थानाक्षेत्र के बरडीहा गांव में है। शनिवार की रात उनके भाई चित्रसेन सिंह की हृदय गति रुकने से मौत हो गई थी। सूचना मिलने के बाद वह बेटे मोनू (17) और कार चालक फैजाबाद निवासी तुषार (22) पुत्र शिव श्रीवास्तव के साथ मायके जा रही थीं। रविवार की भोर में कार अभी सोंदा गांव के पास पहुंची थी कि चालक को झपकी आ गई। बेकाबू हुई कार सामने से आ रहे ट्रक में टकरा गई। चालक तुुषार और मोनू को मामूली चोट लगी लेकिन पीछे वाली सीट पर बैठी ज्ञांती सिंह की मौत हो गई। आसपास के लोगों ने तीनों को जिला अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने ज्ञांती सिंह को मृत घोषित कर दिया। उधर, कार की टक्कर से ट्रक का पहिया फट गया था। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने वाहन को कब्जे में लिया। ज्ञांती की मौत की खबर जब मायके बरडीहा और ससुराल रजवापुर पहुंची तो दोनों जगह कोहराम मच गया। अभी सभी लोग चित्रसेन सिंह की मौत पर आंसू बहा ही रहे थे कि बहन भी दुनिया छोड़कर चली गई। सदर कोतवाल विजय नारायण का कहना है कि सोंदा गांव के पास कार चालक ने अनियंत्रित होकर ट्रक में टक्कर मार दी। एक महिला की मौत हो गई है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
संदिग्ध परिस्थिति में महिला झुलसी
लार। थाना क्षेत्र के इटहुरा मिश्र गांव निवासी अनीता देवी पत्नी नंदलाल सुबह खाना बनाते समय संदिग्ध परिस्थितियों में झुलस गई। परिजनों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लार पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
फोटो समाचार
स्टीयरिंग फेल होने से गड्ढे में पलटी कार
अमर उजाला ब्यूरो
खुखुंदू। सलेमपुर की तरफ से आ रही एक कार की स्टीयरिंग फेल होने से अनियंत्रित होकर सड़क के बीच खोदे गए गड्ढे में पलट गई। गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, चालक बाल-बाल बच गया। खामपार थाना क्षेत्र के भथुआ तिवारी निवासी रमेश चंद्र कुशवाहा स्वयं कार चलाते किसी कार्य से जा रहे थे। वह अभी बहादुरपुर के पास पहुंचे थे कि अचानक उनकी कार की स्टीयरिंग फेल हो गई। कार सड़क के बीच खोदे गए गड्ढे में पलट गई। डिवाइडर बनाने के लिए गड्ढा खोदकर छोड़ा गया था। स्थानीय लोगों ने रमेश को कार से बाहर निकाला। हालांकि, उन्हें चोट नहीं आई थी। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
सड़क हादसे में दो महिलाएं घायल
सलेमपुर/लार। दो अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में दो महिलाएं घायल हो र्गइं। शनिवार की देर शाम बाइक से डैनी गांव निवासी लालमती देवी अपने खेत से घर जा रही थी। अभी वह भैंसही-लार मार्ग पहुंची ही थीं कि अज्ञात बाइक सवार ने पीछे से टक्कर मार दी। इससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। लोगों के सहयोग उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लार पहुंचाया गया। जहां उसका उपचार हुआ। वहीं, मईल थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव निवासी अयोध्या गुप्ता की पत्नी उर्मिला देवी बाइक पर बैठकर रविवार सुबह सलेमपुर आ रही थीं कि बाइक से गिर कर घायल हो गईं। उनका उपचार सीएचसी सलेमपुर में कराया गया।