फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बांसपार बैदा की माटी को अपने लाल पर गर्व

विज्ञापन
देवरिया में शहीद सत्यनारायण यादव के अंतिम यात्रा में शामिल लोग। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
देवरिया। सरहद पर शहीद हुए बांसपार बैदा गांव के लाल सत्यनारायण यादव की शहादत पर गांव के हर शख्स को फख्र है। कोने-कोनेे से एक ही आवाज गूंज रही थी- ‘जब तक सूरज-चांद रहेगा, सत्यनारायण का नाम रहेगा...।’
विज्ञापन

सोमवार अलसुबह गांव में शव आने से लेकर दोपहर बाद बरहज में सरयू घाट पर अंतिम संस्कार के दौरान बच्चे-बूढ़े, युवा सभी सत्यनारायण यादव की शहादत को याद करते रहे। दरवाजे पर रखे तिरंगे में लिपटे शहीद को देख सबकी आंखें नम थीं, मगर छाती गर्व से चौड़ी थी। रह-रह कर गूंजते ‘पाकिस्तान मुर्दाबाद-हिंदुस्तान जिंदाबाद’ और ‘सत्यनारायण यादव अमर रहें’ के नारे युवाओं में जोश भर रहे थे। शव लेकर पहुंचे जवानों ने मातमी धुन के साथ सलामी दी तो उपस्थित लोगों की आंखें नम हो उठीं। शहीद के शव को कंधा देने की होड़ लगी रही। अपने लाल को अंतिम विदाई देने को हर कोई आतुर दिखा। यही कारण रहा कि दरवाजे से उठकर गांव के बाहर देवरिया-पकड़ी मुख्य मार्ग तक पहुंचने में 25 मिनट लग गए। शव को बीएसएफ के वाहन में रखकर सरयू तट ले जाया गया।


‘मुख्यमंत्री जी, आप नहीं आएंगे तो कैसे बढ़ेगा हमारा हौसला’
देवरिया। गांव में सीएम को बुलाने की जिद पर अड़े शहीद के परिजन शव उठाने को राजी नहीं थे। स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति उनमें नाराजगी थी। सांसद कलराज मिश्र ने जब मुख्यमंत्री से फोन पर वार्ता कराई तो शहीद के बड़े बेटे शंभू व भतीजे कृष्णा अपना असंतोष जाहिर करने से खुद को नहीं रोक सके। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनके प्रतिनिधि के रुप में सांसद व कृषि मंत्री पहुंचे हैं। परिवार की हर समस्या का समाधान कराया जाएगा। इस पर कृष्णा ने कहा कि मुख्यमंत्री जी, बस आप पर ही भरोसा है। शहीदों की शहादत पर उन्हें श्रद्धांजलि देने भी नहीं आएंगे तो हम नौजवानों का हौसला कैसे बढ़ेगा। फिर कोई मां अपने बेटे को देश की सीमाओं पर क्यों भेजेगी। आप हमारे पड़ोसी जिले के हैं। आप से बेहतर हमारा अगुवा कोई नहीं हो सकता। पूरी बात को गंभीरता से सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने अपनी व्यस्तता और अन्य कार्यक्रमों में जाने की मजबूरी बताई। कहा कि सत्यनारायण की वीरता और शहादत पर उन्हें गर्व है। परिवार के साथ पूरी संवेदना है। वे त्रयोदशाह से पूर्व जल्द ही गांव आएंगे और परिवार से मिलेंगे। उनकी जो भी समस्या होगी, उनका तत्काल समाधान कराया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें