जिला पंचायत स्थित नामांकन स्थल का डीएम और एसपी ने निरीक्षण किया।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। नगरीय निकाय के उम्मीदवारों को चुनाव निशान 11 नवंबर को मिलेगा। आकर्षक चुनाव चिह्न के लिए जुगाड़ लगाए जा रहे हैं। निर्दल उम्मीदवारों ने प्रिटिंग प्रेस मालिकों की मनुहार की है ताकि पोस्टर, बैनर, फ्लैक्स और हैंडबिल जल्द से जल्द छप जाए। उनका मानना है किसी तरह प्रचार प्रसार में दलीय उम्मीदवार से पीछे न रह जाएं।
जिले के 11 निकाय में 11 अध्यक्ष और 166 सदस्य पद के लिए चुनाव हो रहा है। जिला पंचायत परिसर के अलावा तहसील मुख्यालयों में शुक्रवार को गहमागहमी रही। दरअसल उम्मीदवारों की नाम वापसी थी। सबकी निगाहें टिकी थी कि कौन उम्मीदवारी वापस ले रहा है। अध्यक्ष और वार्ड सदस्य पद के उम्मीदवारों ने प्रिटिंग प्रेस मालिकों को एडवांस रकम देकर रजामंद कर लिया है, जैसे ही चुनाव निशान आवंटित होगा। मोबाइल कॉल और वाट्सएप के जरिए चुनाव निशान भेज दिया जाएगा, ताकि जल्द से जल्द छप जाए। उम्मीदवारों ने आकर्षक चुनाव निशान के लिए जुगाड़ लगाया है। ताकि ऐसा चुनाव निशान मिले जिसे वोटर्स आसानी से समझ लें। कुछ उम्मीदवारों ने हैंडबिल और पोस्टर मिल जाए जिससे रविवार की सुबह जब मतदाता उठें तो मकान के सामने चुनाव निशान वाला पोस्टर चस्पा रहे। इससे चुनावी माहौल बनाने में आसानी रहेगी। मतदाताओं के दिलो-दिमाग पर चुनाव निशान की तस्वीर तैरती रहे।