देवरिया। राजकीय आईटीआई सोंदा के परिसर में सोमवार को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें 10 कंपनियों ने प्रतिभाग किया। मेले में आए 679 अभ्यर्थियों में से 303 का चयन किया गया।
सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने मेले का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को कौशल विकास और रोजगार से जोड़ने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। पूरे दिन चली चयन प्रक्रिया में कुल 679 अभ्यर्थियों ने अलग-अलग कंपनियों के अधिकारियों के समक्ष साक्षात्कार दिए। कड़े मूल्यांकन के बाद कुल 303 अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से चयन कर उन्हें विभिन्न पदों के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया।
मेले में आई महादेव हनुमंत विजय प्लेसमेंट सर्विस ने 48 अभ्यर्थियों का चयन किया। हिंडालको प्राइवेट लिमिटेड ने 43, फॉरएवर डिस्टिलरी ने 32, सुजुकी मोटर ने 32 अभ्यर्थियों का चयन किया। बोन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने 26 अभ्यर्थियों का चयन किया। बिग ट्री रिसोर्स मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड ने 27 अभ्यर्थियों का चयन किया। एलआईसी बीमा सहायक कंपनी ने 11 अभ्यर्थियों का चयन किया। ड्रीम लाइन इंटरप्राइजेज ने 18 अभ्यर्थियों का चयन किया। टाटा मोटर्स ने 24 अभ्यर्थियों का चयन किया। वहीं हेयर होम अप्लायंसेज ने 42 अभ्यर्थियों का चयन किया। राजकीय आईटीआई सोंदा के प्रधानाचार्य केके राम ने बताया कि 679 अभ्यर्थी रोजगार मेले में आए। इसमें से 303 युवाओं का चयन हुआ।