रेलवे स्टेशन पर 301 यात्रियों की हुई जांच
एडीएम प्रशासन की मौजूदगी में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दादर व गोदान एक्सप्रेस के यात्रियों की जांच की
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। कोरोना संक्रमण के रोकथाम को लेकर प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग चौकन्ना है। लोगों को जागरूक करने के साथ ही जांच बढ़ा दी गई है। सोमवार की शाम देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर मुंबई से आने वाली दादर व गोदान एक्सप्रेस के 301 यात्रियों की स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच की। इसमें कोई पॉजिटिव नहीं मिला।
कोरोना संक्रमण को देखते हुए डीएम आशुतोष निरंजन के निर्देश पर एडीएम प्रशासन कुंवर पंकज, सीएमओ कार्यालय के वरिष्ठ सहायक अरविंद सिंह सदर रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। जिला महामारी विज्ञानी राजीव भूषण पांडेय, स्वास्थ्य निरीक्षक राजन त्रिपाठी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची, जिसमें एलटी राकेश यादव, राकेश कुमार मल्ल, एलए तनवीर अहमद आदि शामिल रहे। साथ ही आरपीएफ व जीआरपी के जवान भी तैनात थे। स्टेशन पर बैरिकेडिंग कर यात्रियों को मेन गेट से ही निकलना था, जहां जांच के लिए दो काउंटर बनाए थे। मुंबई से आने वाली दादर एक्सप्रेस पहुंची। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 159 यात्रियों की जांच की। इसी प्रकार गोदान एक्सप्रेस के 142 यात्रियों की जांच की गई। इसमें कोई पॉजिटिव नहीं मिला।