होली के दिन चटकी लाठियां 30 लोग घायल
सोनूघाट/देवरिया। होली के दिन कई जगह पर लाठियां चटकीं और ईंट-पत्थर चले। मारपीट में तीस से अधिक लोग घायल हो गए। एक की हालत नाजुक देख जिला अस्पताल के डाक्टरों ने मेडिकल कालेज रेफर किया है। अधिकांश थानों में दोनों पक्षों का शांति भंग के आरोप में चालान किया गया है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के रामपुर और मोहनीदेई गांव के लोगों में विवाद चला आ रहा है। मुलायम, पंकज, राधे, मंगरु चौराहे पर अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में मोहिनी देयी गांव के पास कुछ लोगों ने बाइक रोकर चाबी निकाल ली। मारपीट में पंकज, मुलायम घायल हो गए। कोतवाली थाना क्षेत्र के पिपरा चंद्रभान में दलित बस्ती में होली के दिन दो पक्ष आपस में भिड़ गए। एक पक्ष से मोटूर, गोपाल, लक्ष्मी देवी तथा दूसरे पक्ष से सुदर्शन, संतोष, अजय, परशुराम, अक्षय, विकास, बतकी घायल हो गए। मंगलवार को भी कुछ लोगों ने मुतुर के घर पर सुबह हमला बोल दिया। इसमें संध्या और सुरेश प्रसाद को भी मारपीट कर घायल कर दिया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसी तरह सदर कोतवाली क्षेत्र के पुरवा मेहड़ा स्थित काशीराम आवास में पुरानी रंजिश में मारपीट हुई। किशन, पार्वती, राजेश कुमार सोनकर और अशोक कुमार सोनकर घायल हो गए। तिलई बेलवा में भूमि विवाद में हुई मारपीट में धनंजय गौतम, सुनिल प्रसाद, रामभजन घायल हो गए। बभनी गांव में भी दो पक्षों जमकर मारपीट हुई। जिसमें रामअशीष, आकाश यादव, चिट्टू घायल हो गए। रामनाथ देवरिया मोहल्ला निवासी बबलू को कुछ लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। तरकुलवा थाना क्षेत्र के भेलीपट्टी गांव में पुरानी रंजिश में मारपीट हो गई। मिंटू(35), राजकुमार यादव (32) घायल हो गए।
होली की हुड़दंग में रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र में जमकर हुई मारपीट
रामपुर कारखाना। होली के दिन कई गांवों में मारपीट में 10 से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस दिन भर दौड़ती रही।
थाना क्षेत्र के विशुनपुर चिरकिहवा गांव में होली के एक दिन पहले रविवार की शाम से ही एक पक्ष ने ट्रैक्टर ट्राली पर साउंड लगाकर डीजे बजाना शुरू कर दिया था। सोमवार को भी तेज आवाज में डीजे बजता रहा। इसी दौरान दो पक्ष आपस में कहासुनी के बाद भिड़ गए। दोनों पक्षों में जमकर हुई। मारपीट में जीयुत (30), सरिता (25), कमलेश (33), मनबोध (35), मुन्नी देवी (30) और रिंकी (18) गंभीर रूप से घायल हो गए। किसी ने पुलिस को गांव में मारपीट की सूचना दी। अल्पसंख्यक इलाके में मारपीट की घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। रामपुर कारखाना और महुआडीह थाना के पुलिसकर्मी गांव पहुंच गए। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही आसपास के लोगों ने घायलों का निजी चिकित्सक के यहां इलाज कराना शुरू कर दिया था। पुलिस ने सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य डुमरी केंद्र पहुंचाया। जहां कमलेश और रिंकी की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इसी तरह कमधेनवा में रागिनी, शाहपुर में एक व्यक्ति और बलियवां में मनका देवी भी सोमवार को घायल हो गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि दोनों पक्षों ने तहरीर दी है। छानबीन के बाद कार्रवाई की जाएगी।