30 मिनट में तीन महिलाओं से छीनी चेन
पुलिस ने दो संदिग्धों को लिया हिरासत में
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। बेखौफ बाइक सवार बदमाशों ने सोमवार को तीस मिनट के भीतर शहर में तीन जगहों से करीब ढाई लाख रुपये के सोने की चेन तीन महिलाओं से छीन ली। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
शहर के भीखमपुर रोड निवासी प्रेमलता कनोडिया पत्नी श्याम सुंदर कनोडिया हनुमान मंदिर के पास सुबह करीब पांच बजे टहल रही थीं। इसी बीच रेलवे ढाले की तरफ से एक बाइक पर सवार दो बदमाश पहुंचे और गले से सोने की चेन छीन कर फरार हो गए। इसकी कीमत करीब 1.5 लाख रुपये थी।
इससे थोड़ी दूर आगे आंबेडकर नगर मोहल्ला निवासी मुन्नी देवी पत्नी अशोक द्विवेदी सुबह में भीखमपुर रोड स्थित हनुमान मंदिर में पूजा करने गई थीं। घर लौटते समय वह घर के बाहर पहुंची थीं, इसी बीच पीछे से एक बाइक पर सवार दो बदमाश पीछे से पहुंचे और थोड़ी दूूर आगे से बाइक मोड़कर वापस आए। इसके बाद एक बाइक सवार ने नीचे उतर कर मुन्नी देवी से अनिल नामक लड़के के बारे में पूछा। अभी वह कुछ बता पातीं कि उसने उनके गले से चेन छीन ली। इसकी कीमत करीब 70 हजार रुपये थी। विरोध करने पर हाथापाई भी हुई, लेकिन बदमाश चेन छीनने में सफल रहे। उन्होंने इसकी शिकायत 112 पर की।
इसी तरह शहर के बजाजी रोड निवासी रेनू अग्रवाल पत्नी डॉ. कमलेश अग्रवाल किसी काम से मालवीय रोड स्थित ओवरब्रिज से कहीं जा रही थीं। इसी बीच बाइक सवार बदमाशों ने करीब 50 हजार रुपये की चेन छीन ली। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
कोट
शहर में हुई वारदात के पर्दाफाश के लिए पुलिस टीम बनाई गई है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
- श्रीयश त्रिपाठी, सीओ सदर