देवरिया। मकान रजिस्ट्री करने के नाम पर एक व्यक्ति ने 26 लाख रुपये हड़प लिया। बहन की शादी करने को मकान बेचने के नाम पर एक व्यक्ति से 32 लाख रुपये लिया था, लेकिन शादी के बाद पैसा देने वाले की जगह दूसरे को मकान बेच दिया। पैसा मांगने पर महज छह लाख वापस किया। पैसा हड़पने वाला शहर के सिन्धी मिल निवासी युवक गाजियाबाद में रहता है। वह बकाया मांगने पर पीड़ित और पैसा दिलाने वाले उसके दोस्त को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस युवक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।
शहर के तिलक रोड निवासी अविनाश सिंह पुत्र धर्मनाथ सिंह ने सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दिया कि न्यू कालोनी चकियवा रोड निवासी अपने मित्र प्रतीक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि उनके चचेरे भाई आदर्श कुमार श्रीवास्तव पुत्र स्व. हेमंत कुमार श्रीवास्तव, निवासी सिंधी मिल कालोनी की मुहल्ले में मकान है। वह सिंधी मिल कालोनी स्थित अपना मकान बेचना चाहता है। उसके मित्र ने आदर्श श्रीवास्तव से संपर्क कराया।
इस दौरान उसने कहा कि बहन की शादी करने को रुपये की जरूरत है, आप रूपया दे दिजिए शादी के बाद मकान रजिस्ट्री कर देंगे। उन्होंने कैश बैंक ट्रांजेक्शन, क्रेडिट कार्ड आदि माध्यमों से आदर्श को 20 दिसंबर 2022 से 28 मार्च 2023 के बीच 32 लाख रूपये दिया। आदर्श की बहन की शादी 28 फरवरी 2023 को होने के बाद उसने मकान रजिस्ट्री करने से इंकार कर दिया। कहने लगा कि मकान रजिस्ट्री करने की बात नहीं हुई। उसने 6 लाख रुपये ट्रांजेक्शन के माध्यम से वापस किया। बाकी 26 लाख रुपये मांगने पर उल्टे धमकी देने लगा। इसके बाद उसने फोन उठाना भी बंद कर दिया। वह अपने मित्र के साथ गाजियाबाद पहुंच आदर्श से पैसे की मांग की, पैसा वापस करने की जगह उसने जान से मारकर लाश गायब करने की धमकी देने लगा। पुलिस ने आदर्श कुमार श्रीवास्तव के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।