तरकुलवा। स्थानीय थाने की पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के एक वांछित और 25 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। वह काफी समय से फरार चल रहा था। उसके ऊपर गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज है। विधिक कार्रवाई के बाद पुलिस अभिरक्षा में न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, सोमवार की सुबह सूचना मिली कि गैंगस्टर एक्ट का वांछित व 25 हजार का इनामी आरोपी बंजरिया व पगरा गांव के मध्य एक स्थान पर खड़ा है और कहीं भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनय शील निवासी ग्राम कोयरपट्टी के रूप में हुई।