भटनी। ब्लॉक सभागार में मंगलवार को दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में चिह्नित 25 दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने लाभार्थियों को ट्राइसाइकिल सौंपते हुए कहा कि सरकार दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन देने के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसी योजनाएं दिव्यांगजनों के जीवन को सरल बनाने के साथ ही उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन किसी भी तरह से कमजोर नहीं हैं, जरूरत केवल उन्हें संसाधन और अवसर देने की है। बीडीओ संतोष कुमार ने कहा कि दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की यह योजना दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ट्राईसाइकिल मिलने से दिव्यांगजनों की दैनिक गतिविधियों में सहूलियत होगी।
इस दौरान कार्यक्रम में एडीओ पंचायत विंध्याचल सिंह, मंडल अध्यक्ष रोहित मिश्र, दीपक वर्मा, विशम्भर नाथ तिवारी, अभय तिवारी, आशीष पासवान मौजूद रहे।