एनसीबी लखनऊ और कोतवाली पुलिस ने पकड़ा सवा दो क्विंटल गांजा बरामद, दो लोग गिरफ्तार
देवरिया। नारकोटिक्स क्राइम ब्यूरो यूनिट लखनऊ और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने चारपहिया वाहन में छुपाकर ले जा रहे 225 किलोग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस ने चारपहिया वाहन को कब्जे में ले लिया और दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।
रविवार को पुलिस लाइन के मनोरंजन कक्ष में एसपी ने बताया कि शनिवार को एनसीबी (नारकोटिक्स क्राइम ब्यूरो यूनिट, लखनऊ) एवं प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली की टीम ने सोनूघाट चौराहे के पास से मुखबिर की सूचना पर चारपहिया वाहन की जांच की। सीट के पीछे छिपाकर रखे हुए 22 पैकेट में कुल 225 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। मौके से वाहन में सवार धर्मेंद्र तिवारी निवासी-खैराज थाना-तरकुलवा जनपद देवरिया एवं रफीक अंसारी निवासी सबया थाना कसया जनपद कुशीनगर को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर इनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। जांच टीम में कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह, एनसीबी लखनऊ के प्रभारी रविप्रकाश यादव, निगरानी सहायक विवेक कुमार लखनऊ यूनिट, कांस्टेबल रवि कुमार यादव, एनसीबी लखनऊ यूनिट, कोतवाली के मुख्य आरक्षी केशव कुमार दूबे, कांस्टेबल दीपक कुमार यादव व प्रीती दूबे और शिखा सिंह शामिल रहीं।