फोटो समाचार...
-----------------
जिला पूर्ति कार्यालय पर कोटेदारों का प्रदर्शन
- राशन दुकानों को संबद्ध करने से आक्रोशित हैं कोटेदार
- सरकार को बताया विरोधी, निर्णय वापस लेने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। जिला पूर्ति कार्यालय पर कोटेदारों ने शुक्रवार को प्रदर्शन कर ताकत का एहसास कराया। नगर पंचायत, नगर पालिका के 300 से कम कार्डधारकों वाली कोटे की दुकानों को नजदीकी दुकान से संबद्ध करने का पुरजोर विरोध किया। एसएमआई कार्यालय से तौल कर राशन देने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष विश्वजीत मणि ने कहा कि नगर पंचायत व नगर पालिका में संचालित होने वाली जिन दुकानों पर 300 से कम कार्डधारक हैं। उन दुकानों को नजदीकी कोटे की दुकानों से संबद्ध करने का आदेश शासन ने जारी किया है, जो कोटेदार विरोधी है। इससे जिले के करीब 800 कोटेदार बेरोजगार हो जाएंगे। सरकार के इस निर्णय का कोटेदार अंत तक विरोध करेंगे। कोटेदारों की मांग के बावजूद एसएमआई गोदाम से बिना तौल किए कम अनाज कोटेदारों को दिया जा रहा है। विरोध करने पर कार्रवाई की धमकी दी जा रही है। कोटेदारों को राशन तौल कर दिया जाए और होम डिलेवरी कराया जाए। ऐसा नहीं होने पर कोटेदार चुप नहीं बैठने वाले हैं। इस प्रदर्शन करने वालों में जिला उपाध्यक्ष बाके बिहारी पांडेय, शिवमूर्ति सिंह, रामपति शुक्ला, राजकुमार सिंह, अशोक सिंह, रामायन यादव, रमेश कुमार पांडेय, राजेश तिवारी, नरसिंह बहादुर सिंह केशव सिंह, मदनलाल, भूपेंद्र यादव, दयानंद गिरी आदि मौजूद रहे।