पूर्वान्चल छात्र संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओ ने सीएमओ कार्यालय पर हवन किया।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। जिले में वैध-अवैध रुप से संचालित निजी नर्सिंगहोम में मरीजों के उत्पीड़न के विरोध में पूर्वांचल छात्र संघर्ष समिति का धरना गुरुवार को भी जारी रहा। कार्रवाई में देरी पर आंदोलनकारियों ने हवन करते हुए सीएमओ की बुद्धि-शुद्धि की प्रार्थना की। धरने में संघर्ष समिति के जिलाध्यक्ष सुधांशु रंजन मिश्र ने कहा कि बिना पंजीयन व नवीनीकरण के ही जिले में अवैध नर्सिंगहोम धड़ल्ले से चल रहे हैं। इलाज के नाम पर वहां मरीजों का शोषण किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन इसमें मूकदर्शक बना है। आजाद हिंद सेना वाहिनी के संस्थापक ऋषि पांडेय ने धरने को समर्थन का ऐलान किया। अंकुर भार्गव मिश्र ने कहा कि अब आंदोलन को उग्र रुप दिया जाएगा। सोमवार को सीएमओ कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी। इससे पूर्व शनिवार को डीएम से प्रतिनिधिमंडल के रुप में मिलने का भी निर्णय लिया गया। धरने में नित्यानंद त्रिपाठी, गोलू तिवारी, अश्वनी मिश्र, अभिषेक मिश्र, रिंकू बाबा, हरिओम जायसवाल, विकास, शुभम तिवारी, संजय आदि शामिल रहे।