कलेक्ट्रेट में लेखपालो का धरना जारी।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। जिलाध्यक्ष समेत 11 लेखपालों के निलंबन के बाद संघ दोगुने उत्साह से आंदोलन पर डट गया है। बुधवार को सभी निलंबित लेखपालों को धरनास्थल पर माला पहना सम्मानित किया गया और उनके नेतृत्व में मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया। संघ के जिलाध्यक्ष ने सभी तहसीलों में राजस्व कार्य पूरी तरह ठप रहने का दावा किया। उधर, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, प्रधान संगठन, राजस्व संग्रह अमीन संघ, कर्मचारी-शिक्षक संयुक्त मोर्चा सहित कई अन्य संगठनों ने भी लेखपालों के आंदोलन को समर्थन की घोषणा की।
कलेक्ट्रेट परिसर में धरने पर वक्ताओं ने कहा कि लेखपाल अपनी मांगों को लेकर लोकतांत्रिक ढंग से आंदोलन कर रहे हैं, मगर सरकार को यह तरीका भी पसंद नहीं आ रहा। ‘एस्मा’ लगाकर सरकार ने इमरजेंसी जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। लेखपाल इससे डरने वाले नहीं हैं। मांगें पूरी होने तक आंदोलन पर डटे रहेंगे। संघ के जिलाध्यक्ष चंद्रभूषण पांडेय ने कहा कि जिले में कार्यरत सभी 473 लेखपाल हड़ताल पर हैं। कुछ लोग फूट डालने के लिए लेखपालों के काम करने का भ्रम फैला रहे हैं। धरना-प्रदर्शन में जिला मंत्री अमरेंद्र त्रिपाठी, नागेश पति त्रिपाठी, राजकुमार मिश्र, अवधेश दुबे, रवि पटेल, दिग्विजय नाथ मिश्र, हरिश्चंद्र पांडेय, राधेश्याम दुबे, कल्पना पांडेय, गरिमा सिंह, गिरधारी लाल आदि मौजूद रहे।