राघव नगर स्थित स्टेट बैंक के एटीएम पर लगी ग्राहको की भीड।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। शहर के एटीएम फिर दगा देने लगे हैं। ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। शनिवार की रात को ही अधिकांश एटीएम कैशलेस हो गए थे। रविवार को एटीएम खाली रहने से ग्राहकों को दुश्वारियां झेलनी पड़ी। सोमवार को एटीएम में कैश पड़ने के बाद ग्राहकों की कतार लग गई। नोटबंदी के दौरान ग्राहकों का साथ देने वाले एचडीएफसी बैंक के एटीएम भी अब दगा देने लगे हैं।
लगन के कारण बैंकों से निकासी बढ़ गई है। एटीएम पर भी कतारें लगने लगी है। निकासी अधिक होने से अधिकांश एटीएम जवाब दे देते हैं। वैसे भी महीने की शुरुआत होते ही एटीएम पर भीड़ बढ़ने लगती है। क्योंकि कर्मचारियों का वेतन बैंकों में पहुंचने लगता है। इस बीच शादी-विवाह का दौर भी चल रहा है। सुबह एटीएम में कैश पड़ने के बाद दोपहर तक अधिकांश एटीएम खाली हो जाते हैं। ऐसे में ग्राहकों को इस एटीएम से उस एटीएम पर भटकना पड़ता है। शहर में 50 से अधिक एटीएम हैं। शनिवार की रात अधिकांश एटीएम खाली थे। राघवनगर स्थित आईडीबीआई बैंक का एटीएम ही लोगों का साथ दे रहा था लेकिन देर रात यहां भी रुपया खत्म हो गया। रविवार को ग्राहकों को सबसे अधिक दुश्वारियां हुईं। सोमवार को बैंक खुलने के बाद सबसे पहले एटीएम में कैश डाले गए। इसके बाद ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। एसबीआई की मुख्य शाखा परिसर में लगी एटीएम में सुबह से शुरू हुई भीड़ शाम तक बनी रही। यही हालत भटवलिया स्थित आईसीआईसीआई बैंक, बंधन बैंक के एटीएम का रहा। बंधन बैंक के प्रबंधक प्रभात कुमार ने बताया कि सुबह से लेकर दोपहर तक उनके एटीएम में दो बार कैश डाले जा चुके हैं। मगर ग्राहकों की भीड़ में कमी नहीं आई।