देवरिया। क्रिसमस को लेकर तैयारियां अंतिम दौर पर है। चर्च को सजाने का काम लगभग पूरा हो चुका है। रंग-बिरंगे इलेक्ट्रानिक झालरों से चर्च को संवारा जा रहा है। सोमनाथ मंदिर के पास स्थित संत पुष्पा हाईस्कूल परिसर में बने चर्च की भव्य सजावट की गई है। कोतवाली के पास स्थित मसील कलीसिया चर्च भी प्रभु यीशु का जन्मदिन मनाने के लिए तैयार है। दोनों चर्चों में कुश की झोपड़ी सजाकर तैयार की गई है। क्रिसमस पर कार्यक्रमों का सिलसिला 24 दिसंबर से शुरू हो जाएगा। 25 दिसंबर को सुबह 10 बजे से ही चर्च गुलजार हो जाएगा। मुख्य कार्यक्रम रात 10 से एक बजे तक चलेगा।
इनसेट
प्रार्थना और उपवास सभा का हुआ आयोजन
कोतवाली के पास स्थित चर्च में शुक्रवार को इसाई समुदाय के लोगों ने प्रार्थना कर उपवास रखा। 11 बजे से एक बजे तक चले कार्यक्रम के बाद क्रिसमस मिलन और प्रसाद वितरण किया गया। इसाई समुदाय के अलावा अन्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
इनसेट
क्रिसमस पर सेलिब्रेशन का दौर शुरू
संत पुष्पा चर्च के फादर मैथ्यू ने बताया कि क्रिसमस को लेकर कार्यक्रम का दौर शुरू हो गया है। चर्च में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसकी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है। सभी क्रिसमस को लेकर काफी खुशी है। मसीह कलीसिया चर्च के सचिव सी जेम्स ने बताया कि एक दिसंबर से ही चर्च परिवार तैयारियों में जुटा है। चर्च समुदाय के अतिरिक्त अन्य धर्मों में क्रिसमस डे पर होने वाले कार्यक्रम को लेकर उत्साह हैं। शिक्षिका शीला मारीश ने बताया कि जिले में शहर के दो चर्चों के अतिरिक्त सात अन्य चर्च भी हैं। सभी स्थानों पर तैयारियां अंतिम दौर में है। कार्यक्रम की कमान संभाले हुए शिक्षक समर्पण ने बताया कि मिलन और प्रसाद बांटने को लेकर लोगों को जिम्मेदारी दी गई है।
इनसेट
सांता क्लाज के ड्रेस की डिमांड बढ़ी
क्रिसमस की तैयारियों को लेकर इन दिनों बाजारों में रौनक है। इसके साथ ही सांता क्लाज के मुखौटों और क्रिसमस ट्री के खरीदारों की संख्या बढ़ी है। बाजार में सांता क्लाज, क्रिसमस ट्री, स्टार, सांता की ड्रेस खरीदने के लिए लोगों में काफी उत्साह है। सॉफ्ट खिलौने, कैंडल, सांता क्लास, हैंगिंग सांता क्लास, खुशबू वाल कैंडल, रंग बिरंगे बाल्स, केक, चाकलेट ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। बाजारों में क्रिसमस ग्रीटिंग कार्ड की भी खरीदारी की जा रही है।