देवरिया। गौरीबाजार टाउन एरिया में पोलिंग स्टेेशन को लेकर माहौल गरमा गया है। एक विधायक के इशारे पर पोलिंग स्टेशन बदलने का आरोप लगाया है। चार प्रत्याशियों ने बूथ पर कब्जा की आशंका जताई है। अतिरिक्त मजिस्ट्रेट तैनात करने की मांग की है। राज्य निर्वाचन आयुक्त को संबोधित-पत्र एडीएम को दिया। एसडीएम सदर से जांच रिपोर्ट तलब की है।
गौरीबाजार टाउन एरिया में अध्यक्ष पद के 11 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। देवगांव में पोलिंग स्टेशन बनाए जाने के बाद माहौल गरमा गया है। प्रत्याशियों ने मतदान में गड़बड़ी की आशंका जताई है। कांग्रेस के शाकिर हुसैन, बसपा के रविंद्र यादव, सपा के नीलेश जायसवाल और प्रदीप सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे। डीएम सुजीत कुमार की अनुपस्थिति में एडीएम वित्त-राजस्व सीताराम गुप्त को मांग पत्र सौंपा, जिसमें कहा गया है कि एक विधायक के दबाव में पोलिंग स्टेशन बदला गया है। जिस जगह पोलिंग स्टेशन बनाया गया है, वहां पर विधानसभा चुनाव में बवाल भी हुआ था। इस मामले में कुछ लोग गंभीर धाराओं में आरोपी बनाए गए हैं, लेकिन कार्रवाई के बजाए पुलिस खामोश है। प्रत्याशियों ने कहा है कि लोकसभा, विधानसभा के साथ टाउन एरिया के चुनाव में बाजार में स्थित प्राथमिक और जूनियर हाईस्कूल में मतदान केंद्र रहा है, लेकिन इस बार एक विधायक के दबाव में अफसरों ने आबादी से दूर देवगांव स्थित चंद्रशेखर आजाद इंटर कॉलेज को मतदान केंद्र बना दिया है। इसमें कुछ अधिकारियों की भूमिका की जांच कराई जाए। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। प्रत्याशियों ने कहा है कि आस-पास कई प्राथमिक और जूनियर हाईस्कूल स्थित हैं। बावजूद इसके 1.5 किलोमीटर दूर स्थित चंद्रशेखर आजाद इंटर कॉलेज को पोलिंग स्टेशन बनाया गया है। मतदाताओं को आने जाने में दुश्वारियां होंगी। प्रत्याशियों ने टाउन एरिया को अति-संवेदनशील श्रेणी में रखने की मांग की है।