भाटपाररानी। नगर के एक स्कूल के शिक्षक ने एक छात्र का सिर फोड़ दिया। घर आने पर छात्र के माता-पिता बेटे की दशा देखकर भड़क गए। उन्होंने छात्र का पीएचसी पर इलाज कराया और थाने में शिक्षक के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। स्टेशन रोड के रहने वाले संजय कुशवाहा का बेटा धनंजय कुशवाहा नगर के सेंट जोसेफ हाईस्कूल में कक्षा सात में पढ़ता है। वह मंगलवार को स्कूल गया था। कक्षा में अपनी जगह पर बैठने को लेकर एक शिक्षक ने छात्र को बुरी तरह से पीटा। इसके बाद उसका सिर दीवार से टकराने लगा। इससे छात्र का सिर जख्मी हो गया। घरवाले छात्र को पीएचसी ले जाकर मेडिकल कराया। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। गौरतलब है कि सेंट जोसेफ हाईस्कूल में एक माह के अंदर छात्र पिटाई की यह दूसरी घटना है। इसके पहले नगर के चिकित्सक डॉ. केके मिश्र के बेटे को स्कूल के प्रधानाचार्य ने पीटकर घायल कर दिया था। चिकित्सक डॉ. केके मिश्र ने थाने में नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। इस मामले की जांच चल रही है।
माली ने सीओ से न्याय की गुहार लगाई
भाटपाररानी। नगर के अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में माली के पद पर तैनात व्यक्ति ने बकाया वेतन मांगने पर जानमाल की धमकी देने पर सीओ को लिखित तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। खामपार थाना के ग्राम बलिवन निवासी छोटेलाल कुशवाहा फुलवरिया रोड स्थित सेंट जेवियर हाईस्कूल में माली के पद पर तैनात था। सीओ को दिए तहरीर मे उसने लिखा है कि अप्रैल से जुलाई तक विद्यालय में तैनात था। उसका जून और जुलाई-2017 का वेतन बाकी है। उसे बार-बार बुलाकर वेतन नहीं दिया जा रहा है। सात अक्टूबर को जब वह वेतन मांगने गया तो विद्यालय के संचालक मंडल के सदस्यों ने उसे भगाते हुए पुन: आने पर जान माल की धमकी दी।