देवरिया। महिलाओं की चोटी कटने का सिलसिला जिले में जारी है। बुधवार को चार महिलाओं की अचानक चोटी कट गई। इससे महिलाएं बीमार हो गईं। उनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। इससे गांव में भय का माहौल है।
सदर कोतवाली के चौकिया गांव निवासी प्रदीप की पत्नी कविता करीब 11 बजे दिन में पड़ोसी के घर जा रही थी। अचानक चोटी कट गई और अचेत होकर गिर पड़ी। यह देख लोगों की भीड़ जुट गई। घरवाले जिला अस्पताल में भर्ती कराए। मुड़ाडीह गांव के उदयभान कुशवाहा की पत्नी सरिता और भलुअनी थानाक्षेत्र के घरभरन की पत्नी विमलावती की चोटी कटी है। तीनों महिलाओं का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। महिला के घरवालों का कहना है कि चोटी कटने के बाद महिलाएं बेहोश हो गईं। कोतवाल नीतिश कुमार ने बताया कि चोटी कटने की घटना महज अफवाह है। इस पर लोगों को ध्यान देने की जरूरत नहीं है। उधर रामपुर कारखानाथाना क्षेत्र के रामपुर गौनरिया गांव की ज्ञानती देवी सोमवार की देर रात घोठे पर जा रही थीं। वह आधे रास्ते पहुंची थीं कि उनकी चोटी कट कर गिर गई। गांववालों के शोर मचाने पर परिजन पहुंचे और इलाज कराया।