देवरिया। सोनूघाट चौराहे पर बेखौफ चोरों ने रविवार की रात मोबाइल की दुकान का ताला तोड़कर नकदी सहित लाखों का सामान चुरा ले गए। चौराहे पर मौजूद पुलिस पिकेट को भनक तक नहीं लग पाई। सूचना मिलने पर सीओ सिटी फोर्स के साथ पहुंचकर छानबीन की।
कोतवाली थानाक्षेत्र के पिपरा चंद्रभान गांव निवासी राजकुमार चौरसिया सोनूघाट चौराहे पर मोबाइल की दुकान चलाते हैं। जो पुलिस पिकेट के पास है। रविवार की शाम दुकान बंद करने के बाद राजकुमार घर चले गए। रात किसी वक्त चोर दुकान का ताला काटकर अंदर दाखिल हुए। कैश बाक्स में रखा नकदी, मोबाइल, रिचार्ज कूपन सहित अन्य सामान चुरा ले गए। चौराहे के लोगों ने राजकुमार को चोरी की जानकारी दी। थोड़ी देर बाद सीओ सदर डॉ अजय सिंह, कोतवाल नीतिश श्रीवास्तव आदि पहुंचे और छानबीन की। चौराहे पर चौरी की घटना से कारोबारी नाराज थे। पुलिस ने जल्द ही खुलासे का आश्वासन दिया। दुकान मालिक ने पुलिस को बताया कि करीब ढाई से तीन लाख की चोरी दुकान में हुई है। इंस्पेक्टर कोतवाली ने कहा कि दुकानदार की तहरीर पर केस दर्ज कर चोरी का खुलासा जल्द किया जाएगा। पुलिस पिकेट के पास चोरी होना गंभीर बात है। लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।