देवरिया। सदर कोतवाली के परसिया मल्ल गांव के रहने वाले बीसीए छात्र 19 वर्षीय विनीत सिंह ने भोपाल में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। भोपाल में वह मामा के घर रहकर पढ़ाई करता था। सूचना मिलते ही परिवारवालों में कोहराम मच गया।
परसिया मल्ल के तेजबहादुर सिंह पोस्टमैन हैं। उनके तीन बेटों में विनीत सबसे बड़ा है। इंटर की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह भोपाल में मामा के घर रहकर बीसीए की पढ़ाई कर रहा था। इस समय वह द्वितीय वर्ष का छात्र था। सोमवार की रात को भोजन करने के बाद सोया था। मंगलवार की सुबह जब काफी देर तक वह नहीं उठा तो उसके नाना जगाने गए। आवाज लगाने के बाद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई तो नाना खिड़की के रास्ते देखे। विनीत सिंह छत की कुंडी से लटक रहा था। उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हुए और शव को नीचे उतारकर पुलिस को सूचना दी। फिलहाल आत्महत्या कारणों का पता नहीं चल सका है। भोपाल से सूचना आते ही परसिया मल्ल गांव में कोहराम मच गया। मां मंजू सिंह, भाई प्रवीण और नवीन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के लोग भोपाल के लिए रवाना हो गए।