देवरिया विधानसभा उपचुनाव : डाक मतपत्र से मतदान के लिए 21 टीमें गठित
देवरिया। देवरिया विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में बुजुर्ग, दिव्यांग व कोरोना पॉजिटिव मरीजों के मतदान के लिए अलग से व्यवस्था की गई है। ऐसे मतदाताओं को डाक मतपत्र द्वारा मतदान कराया जाएगा। मतदान कराने के लिए 21 टीमें बनाई गई हैं। इसमें पंचायत सचिव व शिक्षकों को शामिल किया गया है। 27 व 28 अक्तूबर को मतदान कर्मी डाक मतपत्र मतदाताओं को उपलब्ध कराते हुए मतदान कराएंगे। इसे लेकर टीम में तैनात कार्मिकों की सोमवार को विकास भवन के गांधी सभागार में बैठक हुई।
रिटर्निंग आफिसर/उप जिला मजिस्ट्रेट सौरभ सिंह ने कहा कि कर्मचारी तैनाती बूथ के अनुसार चिह्नित मतदाताओं से संपर्क कर डाक मतपत्र से मतदान करने के बारे अवगत कराएं। कहा कि 27 एवं 28 अक्तूबर को उन मतदाताओं को डाक मतपत्र उपलब्ध कराएं और मतदान सुनिश्चित कराएं। उन्होंने संपर्क के दौरान इन मतदाताओं से संबंधित सूचना बीएलओ को भी अवगत कराने का निर्देश दिया।
रिटर्निंग आफिसर ने राजनीतिक दलों को बताया कि 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग, दिव्यांग एवं कोरोना पॉजिटिव मरीजों को मतदान किए जाने के लिए डाक मतपत्र से वोट डालने की सुविधा दी गई है। मतदाता द्वारा डाक मतपत्र को सील कर उसे उपलब्ध कराया जाएगा, जिसे सुरक्षित रखा जाएगा। डाक मतपत्र प्रभारी डीसी मनरेगा गजेंद्र तिवारी ने बताया कि टीमें लगाई गई हैं। टीम ऐसे मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें मतदान की जानकारी देगी। इस कार्य के लिए कुल 21 टीम गठित की गई हैं। प्रत्येक टीम में तीन कर्मचारी, जिसमें पंचायत सचिव व अध्यापक शामिल हैं। उन्हें क्षेत्र में भेजा गया है। मतदान गोपनीय होगा, इसके लिए सुरक्षा के भी इंतजाम किए गए हैं।
ईवीएम पैकिंग का कार्य शुरू
उपचुनाव लेकर तैयारी तेज कर दी गई हैं। सोमवार को ईवीएम पैकिंग व अन्य कार्य शुरू कर दिए गए। इस संबंध में रिटर्निंग आफिसर/उप जिला मजिस्ट्रेट सौरभ सिंह ने राजनीतिक दलों के नेताओं से कहा है कि प्रतिनिधि/प्रत्याशी निर्वाचन कार्यालय में चल रहे ईवीएम पैकिंग कार्य का अवलोकन कर सकते हैं।