फोटो समाचार...
----------------
देवरिया के वेल्डर की हांगकांग में करंट से मौत
- बृहस्पतिवार की रात छितरूआ गांव पहुंचा शव, मचा कोहराम
अमर उजाला ब्यूरो
पैकौली। सदर कोतवाली इलाके के छितरुआ गांव निवासी एक वेल्डर की हांगकांग में विद्युत करंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी। बृहस्पतिवार की रात उसका शव गांव पहुंचा तो कोहराम मच गया। गांववालों ने परिवारवालों को ढांढस बधाया।
छितरूआ गांव निवासी शर्मा प्रसाद के पांच बच्चों में बैजनाथ गोंड सबसे बड़ा था। वह वेल्डिंग का काम करता था। घर की माली हालत ठीक करने के लिए तीन महीना पहले वह हांगकांग गया था। दो सितंबर को उसे घर वापस आना था, लेकिन इससे पहले ही 28 अगस्त को वह वहां विद्युत करंट की चपेट में आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी। कंपनी ने इसकी जानकारी परिवारवालों को दे दी थी। बृहस्पतिवार की रात को कंपनी की ओर से बैजनाथ गोंड का शव गांव भेज दिया गया। पत्नी देवंती देवी और परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था। मृतक के घर पहुंचे गांववालों की आंखें नम थीं। लोग परिवारवालों को ढाढस बंधाने में लगे थे। छोटा भाई मुंबई में काम करता था। दो बहनों की शादी हो गई है। छोटी बहन की शादी तय करने के लिए वह घर आने वाला था, लेकिन नियति को यह मंजूर नहीं था। हांगकांग से उसका शव गांव आया है। शुक्रवार को बरहज के सरयू तट पर उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतक बैजनाथ की एक छह महीने की पुत्री है।