नंदोत्सव में बजी बधाईयां, भगवान ने नौका विहार किया
खुखूंदू में बासुदेव श्रीकृष्ण की निकली मनमोहक झांकी
रामजानकी मंदिर में जन्माष्टमी पर भगवान की झांकी रही आकर्षण का केंद्र
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया/खुखुंदू। जिले में जन्माष्टमी की धूम मंगलवार को भी रही। शहर के भक्ति वाटिका तिरुपति बालाजी मंदिर में नंदोत्सव कार्यक्रम मनाया गया। श्रद्धालुओं ने सोहर एवं अन्य गीतों के बीच एक-दूसरे पर बधाईयां दीं। शाम को पीठाधीश्वर स्वामी राजनारायणाचार्य की देखरेख में परिसर में भगवान श्रीकृष्ण को नौका विहार कराया गया। इसे देखने के लिए सैकड़ों भक्तगण जुटे रहे।
पवहारी आश्रम पैकौली में भी सोमवार की देर रात कृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। महामंडलेश्वर पवहारी महाराज ने विधि-विधान से पूजा की। इसके बाद प्रबंधक अंगद तिवारी की देखरेख में ग्राम एवं नगरवासियों में प्रसाद का वितरण हुआ। जन्मोत्सव के प्रात:काल से ही दूर-दूर से आए भक्तगण कीर्तन-भजन संध्या में भाग लिए। खुखूंदू कस्बे के रामजानकी मंदिर पर सोमवार की देर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भगवान के जन्म एवं बाल्यावस्था की झांकी निकाली गई। झांकी थाना परिसर के पुरुष बंदी गृह से निकलकर मंदिर परिसर में पहुंचते ही नंद घरे नंद भयो जय कन्हैया लाला की... आवाज से मंदिर परिसर गूंज उठा। भगवान के जन्मोत्सव की बधाई गीत भी होने लगी। झांकी में बासुदेव बने कस्बे के भरत मद्धेशिया पुरुष बंदीगृह से भगवान श्रीकृष्ण को सिर पर टोकरी में लिए हुए निकले तो दर्शकों के आकर्षण का केन्द्र बन गए। उपस्थित भीड़ भजन कीर्तन करते हुए उनके पीछे चल पड़ी। बरियारपुर के सोहनीपार गांव में कृष्ण भगवान की प्रतिमा के समक्ष दही-मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें चार टीमों ने हिस्सा लिया। विजेता रही सोहनीपार के युवा गोंविदाओं की टीम को ईनाम के रुप में शील्ड प्रदान किया गया।