12 सीएचसी अधीक्षकों का सीएमओ ने रोका वेतन
- लक्ष्य के अनुसार प्रसव नहीं होने पर की कार्रवाई
- जेएसवाई का लाभ प्रसूताओं के अकाउंट में भेजने का निर्देश दिया
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। प्रसव की संख्या में आई गिरावट को लेकर सीएमओ ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। चार पीएचसी प्रभारियों को छोड़ सभी का वेतन रोकने का निर्देश जारी किया है। तरकुलवा और लार सीएचची को छोड़ किसी भी अस्पताल में प्रसूताओं को जेएसवाई का लाभ नहीं दिया गया है।
पिछले साल की अपेक्षा इस साल 954 प्रसव कम हुआ है। तरकुलवा, रामपुर कारखाना, महेन और मझगांवा पीएचसी पर प्रसव का प्रतिशत लगभग ठीक रहा है। अन्य सीएचसी व पीएचसी पर लक्ष्य के अनुसार प्रसव नहीं हुआ है। इस पर सीएमओ ने चिकित्सा अधीक्षकों का वेतन लक्ष्य पूरा होने तक रोकने का निर्देश दिया है। सीएचसी के अंतर्गत संचालित होने वाले अधिकांश उपकेंद्रों पर प्रसव की संख्या ना के बराबर है। जेएसवाई की 1400 रुपये की आर्थिक सहायता भी महिला अस्पताल, पीएचसी भलुअनी, भाटपाररानी, बनकटा और सलेमपुर सीएचसी पर लंबित है। सीएमओ ने 14 अगस्त तक प्रसूताओं के अकाउंट में जेएसवाई का पैसा भेजने का निर्देश दिया। सीएमओ डा. धीरेंद्र कुमार ने बताया कि चार पीएचसी प्रभारियों को छोड़ सभी का वेतन लक्ष्य पूरा नहीं होने तक रोक दिया गया है।