भटनी। थाना क्षेत्र के बनकटा शिव गांव में तहसील प्रशासन ने बृहस्पतिवार को ग्रामसभा की जमीन से अतिक्रमण हटवा दिया। हाईकोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई से पहले प्रशासन ने कब्जा धारक को नोटिस भी दिया था। इस दौरान एसडीएम सलेमपुर के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम और भारी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
बनकटा शिव गांव निवासी दिवाकर तिवारी और अरुण गुप्ता ने तहसील प्रशासन से एक साल पहले ग्राम सभा की जमीन और पोखरी से कब्जा हटाने की मांग की थी। कार्रवाई नहीं होने पर दोनों हाईकोर्ट चले गए थे। हाईकोर्ट के आदेश पर एक महीने से गांव में राजस्व विभाग की टीम पैमाइश में लगी थी। एक सप्ताह पहले राजस्व विभाग ने करीब पचास लोगों को कब्जा हटाने के लिए नोटिस तामील कराया। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटने पर एसडीएम सलेमपुर शशिभूषण के नेतृत्व में टीम जेसीबी लेकर बनकटा शिव गांव पहुंची और अतिक्रमण हटाने में जुट गई। यह देख गांव में हड़कंप मच गया। कुछ लोग खुद ही अपनी झोपड़ी हटाने लगे। इस दौरान ग्रामीणों से प्रशासन की नोकझोंक भी हुई। टीम में तहसीलदार सलेमपुर डॉ. संजीव कुमार, नायब तहसीलदार कमलाकांत भाष्कर, सीओ सलेमपुर शीतांशु यादव सहित 11 राजस्व निरीक्षक, 80 लेखपाल और भटनी, खुखुंदू, खामपार, बनकटा थाने की पुलिस मौजूद रही। एसडीएम शशिभूषण ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश पर गांव में ग्राम सभा की जमीन, खलियान और पोखरी से अतिक्रमण हटाया गया है। कुछ जमीनों पर 122बी होने के चलते छोड़ा गया है। अगले चरण में उन पर कार्रवाई की जाएगी।