देवरिया। शहर के भटवलिया चौराहे पर शनिवार को सुबह ट्रक की चपेट में आने से वृद्ध महिला की मौत हो गई। आसपास के लोगों ने ट्रक का पीछा कर रोक लिया। हालांकि लोगों को चकमा देकर चालक भाग निकला। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की। इस मामले में मृतका के भतीजे ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ट्रक चालक और मालिक की तलाश कर रही है।
भाटपाररानी के बेलपार पंडित गांव के विवेक पांडेय का शहर के न्यू कालोनी में मकान है। शनिवार की सुबह वह चाची प्रमिला देवी (68) को बाइक पर बैठाकर बेलपार पंडित गांव जा रहे थे। सुबह करीब 8.15 बजे भटवलिया चौराहे पर पहुंचे थे कि पीछे से जा रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दिया। ट्रक के टक्कर से विवेक बाएं और प्रमिला देवी दाहिनी तरफ गिरीं। इस बीच ट्रक प्रमिला को कुचलते हुए आगे निकल गया। इसके बाद चालक ट्रक लेकर भागने लगा लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने पीछा कर ट्रक रोक लिया। हालांकि चालक लोगों को चकमा देकर भाग गया। सूचना के बाद पहुंची कोतवाली पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाइक से गिरने की वजह से विवेक को भी चोट लगी है। सदर कोतवाल सत्येंद्र पांडेय का कहना है कि तहरीर मिली है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। ट्रक मालिक और चालक की तलाश की जा रही है।