सरौरा गांव पहुंचे कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर।
- फोटो : अमर उजाला
पैकौली (देवरिया)। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर बुधवार को सरौरा गांव पहुंचे। उन्होंने गांववालों के साथ ही पीड़ित परिवार से मिलकर घटना के बारे में जानकारी ली। कहा कि वह 24 अक्टूबर को सीएम योगी आदित्यनाथ से मिलकर घटना की वजह बताएंगे। इस घटना के पीछे तहसील प्रशासन और पुलिस जिम्मेदार है।
बुधवार की सुबह सवा दस बजे कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर लाव-लश्कर के साथ सरौरा चौराहा पहुंचे। गोलीकांड में घायल संदीप गोंड, चुन्नीलाल गोंड और रामकली से उन्होंने घटना के बारे में जानकारी ली। उनकी बातों को गंभीरता से सुनने के बाद कैबिनेट मंत्री घटनास्थल पर गए। इसके बाद जमीन के बारे में जानकारी ली। पूछा कि आबादी की जमीन कहां हैं और आरोपियों ने जमीन का बैनामा कहां कराया है। पैमाइश हुुआ तो सीमांकन हुआ कि नहीं। गांववालों ने बताया कि सीमांकन नहीं कराया गया। यदि ऐसा हो गया होता तो इतनी बड़ी घटना नहीं हुई होती। गांववालों ने बताया कि इसके लिए एसडीएम और डीएम को कई बार पत्र दिया गया। कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया गया, लेकिन जिम्मेदारों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। घटनास्थल से लौटकर वह चौराहे पर आए। कहा कि एसडीएम की गलती से इतनी बड़ी घटना हुई है। बताया कि 24 को सीएम योगी आदित्यनाथ से मिलकर घटना की पूरी जानकारी देंगे। कहा कि डीएम ने पांच-पांच लाख रुपये की मदद के लिए शासन को चिट्ठी लिखा है। इसके बाद भी वह सीएम से बात करेंगे। यदि कुछ अतिरिक्त मिल सकता है, तो दिलाने का प्रयास करेंगे। इस दौरान उनके साथ भाजपा और भासपा के तमाम नेता मौजूद रहे।