देवरिया। पथरदेवा में 18 अक्टूबर को सीएम योगी आदित्यनाथ के आने का कार्यक्रम करीब-करीब पक्का हो चुका है। इसे लेकर प्रशासनिक अमले ने तैयारी शुरू कर दी है। बुधवार को एसडीएम सदर पथरदेवा कार्यक्रम स्थल जाने वाले थे, लेकिन किन्हीं कारणों से नहीं जा सके। अब गुरुवार को अफसरों के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने की उम्मीद हैं।
18 अक्टूबर को पूर्व मंत्री और जनसंघ के प्रदेश अध्यक्ष रहे रवींद्र किशोर की पुण्यतिथि हैं। रवींद्र किशोर कैबिनेट मंत्री सूर्यप्रताप शाही के चाचा थे। हर साल पुण्यतिथि पर पथरदेवा के आचार्य नरेंद्र देव इंटर कॉलेज में कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इसमें भाजपा के दिग्गज नेताओं की जुटान होती रही है। आयोजन में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह सरीखे नेता भी शिरकत कर चुके हैं। इस बार यूपी में भाजपा की सरकार है। ऐसे में कार्यक्रम और भव्य होने की उम्मीद है। कैबिनेट मंत्री सूर्यप्रताप शाही अपने स्तर से कार्यक्रम की तैयारियों में जुट गए हैं। हेलीपैड स्थल के चयन की कवायद चल रही है। सूत्र बताते हैं कि सीएम के साथ डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भी आएंगे। पथरदेवा में कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद सीएम के साथ डिप्टी सीएम और कैबिनेट मंत्री सूर्यप्रताप शाही हेलीकाप्टर से अयोध्या रवाना होंगे। क्योंकि सीएम ने छोटी दीपावली अयोध्या में मनाने की घोषणा कर रखी है। इसलिए पथरदेवा का कार्यक्रम दोपहर से पहले ही होने की संभावना है।